भारतीय एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर कंपनी Zoho Corporation ने अपना पहला मेड-इन-इंडिया सर्वर ‘Nathu La’ लॉन्च किया है। कंपनी ने इस सर्वर को पूरी तरह इन-हाउस डिजाइन किया है। इसके साथ ही Zoho ने डेटा सेंटर हार्डवेयर के क्षेत्र में कदम रखा है, जहां भारत में टेक्नोलॉजी आत्मनिर्भरता और घरेलू इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। कंपनी के अनुसार, Nathu La सर्वर को AI इंफरेंस, क्लाउड कंप्यूटिंग और अन्य हाई-परफॉर्मेंस जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
Made in India की नई उड़ान: Zoho ने लॉन्च किया अपना पहला स्वदेशी सर्वर ‘Nathu La
Intel Xeon 6 प्रोसेसर से लैस है Nathu La सर्वर
Zoho का नया सर्वर Intel के Xeon 6 प्रोसेसर पर आधारित है। कंपनी ने बताया कि इस सर्वर को Intel के तकनीकी सहयोग और विशेषज्ञता के साथ तैयार किया गया है। Nathu La सर्वर को वर्चुअलाइजेशन (VM), हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग (HPC), AI इंफरेंस और स्टोरेज जैसे कामों के लिए ऑप्टिमाइज किया गया है। इसका उद्देश्य कम ऊर्जा खपत में बेहतर प्रदर्शन देना है।
12-18 फीसदी तक कम बिजली खपत का दावा
Zoho के मुताबिक, Nathu La सर्वर का इस्तेमाल करने वाले डेटा सेंटर समान प्रदर्शन के साथ 12 से 18 फीसदी तक कम बिजली खर्च कर सकते हैं। इसके अलावा यह सर्वर डेटा सेंटर के कुल खर्च यानी टोटल कॉस्ट ऑफ ओनरशिप (TCO) को 20 से 30 फीसदी तक कम करने में मदद कर सकता है। कंपनी का कहना है कि इससे AI मॉडल के इंफरेंस की लागत भी कम हो सकती है। AI इंफरेंस वह प्रक्रिया है जिसमें कोई AI मॉडल नए डेटा के आधार पर आउटपुट तैयार करता है।
भारत में डिजाइन किया गया पूरा हार्डवेयर
Zoho ने बताया कि Nathu La सर्वर के कई अहम हिस्से जैसे DC-SCM (Data Centre Secure Control Module) और NIC (Network Interface Card) कंपनी की हार्डवेयर इंजीनियरिंग टीम ने खुद डिजाइन किए हैं। सर्वर के मॉड्यूलर कंपोनेंट्स को भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सर्विस (EMS) कंपनियों के साथ मिलकर तैयार और असेंबल किया गया है। इससे भारत में डिजाइन और निर्माण क्षमता को बढ़ावा मिलेगा।
पांच पेटेंट के लिए किया आवेदन
कंपनी ने Nathu La सर्वर के डिजाइन से जुड़े कई क्षेत्रों में पांच पेटेंट के लिए आवेदन किया है। इनमें बेहतर थर्मल मैनेजमेंट और कम लागत वाले सर्वर आर्किटेक्चर जैसे विषय शामिल हैं। Zoho ने बताया कि यह सर्वर Open Compute Project (OCP) के सिद्धांतों पर आधारित है, जिसमें मॉड्यूलर डिजाइन, बेहतर कूलिंग और आसान मेंटेनेंस पर ध्यान दिया गया है।
AI और डेटा सेंटर में आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम
Zoho आने वाले समय में अपने डेटा सेंटर में Nathu La सर्वर का इस्तेमाल करेगी। कंपनी का लक्ष्य अपनी एप्लिकेशन को इस प्लेटफॉर्म पर चलाकर बेहतर परफॉर्मेंस और कम लागत हासिल करना है। Zoho के CEO शैलेश डेवी ने कहा कि कंपनी अपने पूरे टेक्नोलॉजी स्टैक पर नियंत्रण बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।
अपने प्लेटफॉर्म, सर्वर और GPU डेटाबेस के जरिए कंपनी ग्राहकों को अधिक किफायती और बेहतर समाधान देने की कोशिश कर रही है। सुरक्षा के मामले में भी Zoho ने दावा किया है कि Nathu La सर्वर को हार्डवेयर-आधारित सुरक्षा के साथ डिजाइन किया गया है, जिससे डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर को अधिक सुरक्षित बनाया जा सकेगा।
