अगर आप सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X का इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए काम की खबर है। X ने अपने प्लेटफॉर्म में एक बहुत ही बड़ा अपडेट दिया है जिससे करोड़ों यूजर्स को आने वाले समय में एक नया एक्सपीरियंस मिलने वाला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X ने अपने यूजर्स को बड़ी राहत देते हुए फोटो और वीडियो शेयर करने की लिमिट बढ़ा दी है। अब यूजर्स एक ही पोस्ट में 20 फोटो और वीडियो अपलोड कर सकेंगे। इससे पहले X पर एक पोस्ट में अधिकतम 4 फोटो या वीडियो ही शेयर किए जा सकते थे। यानी कंपनी ने मीडिया अटैचमेंट की लिमिट को पांच गुना बढ़ा दिया है।
एक्स पर आया नया फीचर। (फोटो क्रेडिट-Digit)
इस नए बदलाव के बाद यूजर्स को कई फोटो और वीडियो शेयर करने के लिए बार-बार अलग-अलग पोस्ट करने या थ्रेड बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अब वे अपनी ट्रिप, किसी इवेंट, खास मौके या दूसरी गतिविधियों से जुड़ी कई तस्वीरें और वीडियो एक ही पोस्ट में शेयर कर सकेंगे। कंपनी का यह अपडेट मोबाइल और वेब दोनों यूजर्स के लिए जारी कर दिया गया है।
10 साल बाद हुआ बदलाव
X के मोबाइल इंजीनियरिंग हेड जोनाह काट्ज ने बुधवार को एक पोस्ट के जरिए इस नए अपडेट की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब यूजर्स एक पोस्ट में 20 तक फोटो और वीडियो जोड़ सकते हैं। उन्होंने इस बदलाव को प्लेटफॉर्म के लिए बड़ा अपडेट बताया है। खास बात यह है कि X पर पिछले करीब 10 साल से एक पोस्ट में सिर्फ 4 मीडिया फाइल शेयर करने की लिमिट थी। अब इसे बढ़ाकर 20 कर दिया गया है।
शेयर कर पाएंगे कई फोटो-वीडियो
इस नए फीचर से यूजर्स को काफी आसानी होगी। पहले अगर किसी को किसी इवेंट, ट्रिप या खास मौके की कई फोटो और वीडियो शेयर करनी होती थीं, तो उसे अलग-अलग पोस्ट करनी पड़ती थीं या फिर थ्रेड बनाना पड़ता था। लेकिन अब 20 फोटो और वीडियो एक साथ शेयर किए जा सकेंगे। इससे ट्रैवल फोटोज, इवेंट अपडेट, बिजनेस प्रमोशन और दूसरे विजुअल कंटेंट को शेयर करना आसान हो जाएगा।
ऐसे इस्तेमाल करें नया फीचर
X पर फोटो और वीडियो शेयर करने का तरीका पहले जैसा ही है। इसके लिए यूजर्स को अपने मोबाइल में X ऐप खोलना होगा। इसके बाद ऊपर दिए गए कैमरा आइकन पर टैप करके फोटो या वीडियो अपलोड कर सकते हैं। यूजर्स चाहें तो कैमरा शटर बटन दबाकर सीधे फोटो भी खींच सकते हैं। इसके अलावा फोटो के साथ कैप्शन और लोकेशन की जानकारी भी जोड़ सकते हैं। सारी जानकारी भरने के बाद पोस्ट बटन पर टैप करके कंटेंट शेयर किया जा सकता है। यूजर्स अपनी होम टाइमलाइन से बाईं ओर स्वाइप करके भी कैमरा खोल सकते हैं।
कंपनी के मुताबिक, वेब यूजर्स के लिए यह फीचर उपलब्ध हो चुका है। वहीं Android और iPhone यूजर्स को इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए X ऐप का लेटेस्ट वर्जन इंस्टॉल करना होगा।
हाल ही में आए थे नए ऐप आइकन
यह अपडेट ऐसे समय में आया है, जब X अपने प्लेटफॉर्म में लगातार नए बदलाव कर रहा है। हाल ही में कंपनी ने अपने मोबाइल ऐप के लिए एक दर्जन से ज्यादा नए ऐप आइकन भी जोड़े थे। इसके अलावा X सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से आगे बढ़कर दूसरी सर्विसेज में भी कदम रख रहा है। इसी साल कंपनी ने अपनी फाइनेंशियल सर्विस X Money भी पेश की थी।
