लीक जानकारी के मुताबिक, iPhone 18 में 6.3 इंच का OLED डिस्प्ले दिया जा सकता है। इसकी स्क्रीन 1.5K रेजोल्यूशन और 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट कर सकती है। इसका मतलब है कि फोन पर स्क्रॉलिंग, वीडियो देखने और गेम खेलने का अनुभव पहले से ज्यादा स्मूद हो सकता है। फोन में Apple का मौजूदा Dynamic Island डिजाइन भी बरकरार रहने की उम्मीद है। इसके अलावा Face ID का सपोर्ट मिलने की बात कही गई है। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी इन फीचर्स की पुष्टि नहीं की गई है।
A20 चिपसेट से बढ़ेगी फोन की रफ्तार
परफॉर्मेंस के मामले में भी iPhone 18 में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। टिप्स्टर Digital Chat Station के मुताबिक, इसमें नया A20 चिपसेट दिया जा सकता है, जिसे 2nm टेक्नोलॉजी पर तैयार किए जाने की बात कही जा रही है। यह मौजूदा जनरेशन के मुकाबले बेहतर स्पीड और पावर एफिशिएंसी दे सकता है। आसान भाषा में समझें तो फोन कम बैटरी खर्च करके बेहतर परफॉर्मेंस दे सकता है। इसके अलावा फोन में 48 मेगापिक्सल का डुअल रियर कैमरा सेटअप मिलने की उम्मीद है। यानी इसमें दो रियर कैमरे हो सकते हैं, जिनमें मुख्य कैमरा 48MP का होगा।
बड़ी बैटरी के साथ मिल सकती है ज्यादा RAM
लीक रिपोर्ट में iPhone 18 की बैटरी को लेकर भी जानकारी सामने आई है। दावा है कि इसमें iPhone 17 के मुकाबले बड़ी बैटरी दी जा सकती है। इससे फोन का बैकअप बेहतर होने की उम्मीद है। वहीं, Apple के जानकार विश्लेषक मिंग-ची कुओ की पिछली रिपोर्ट के मुताबिक, iPhone 18 में 9GB RAM मिल सकती है, जबकि iPhone 17 में 8GB RAM दी गई है। RAM बढ़ने से फोन में एक साथ कई ऐप चलाने और AI फीचर्स इस्तेमाल करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, RAM की अंतिम क्षमता को लेकर अभी अलग-अलग दावे सामने आए हैं।
कब लॉन्च होगा iPhone 18 और कितनी होगी कीमत?
लॉन्च की बात करें तो Apple इस बार अपनी लॉन्च रणनीति में बदलाव कर सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्टैंडर्ड iPhone 18 को 2027 की पहली छमाही में पेश किया जा सकता है। इसके साथ iPhone 18e और iPhone Air 2 भी लॉन्च हो सकते हैं। कंपनी नवंबर 2026 से इसके प्रोडक्शन की तैयारी शुरू कर सकती है। कीमत को लेकर सबसे बड़ी चर्चा है। टिप्स्टर ने दावा किया है कि नए मॉडल की कीमत बढ़ सकती है, लेकिन कितनी बढ़ोतरी होगी, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है। भारत में iPhone 17 को लॉन्च के समय 256GB स्टोरेज वाले बेस मॉडल के लिए ₹82,900 की शुरुआती कीमत पर पेश किया गया था, जबकि इसकी मौजूदा कीमत ₹99,900 बताई गई है। ऐसे में iPhone 18 खरीदने के लिए ग्राहकों को ज्यादा बजट रखना पड़ सकता है। फिलहाल ये सभी जानकारियां लीक और रिपोर्ट्स पर आधारित हैं। Apple ने फोन की कीमत, फीचर्स और लॉन्च डेट का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है।
