गूगल ने 2024 के अंत में एक बड़ी डील कर दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा था, जब उसने Character.AI के साथ लाइसेंसिंग समझौते के तहत नोआम शजीर (Noam Shazeer) को फिर से अपनी टीम में शामिल किया। शजीर पहले गूगल के शुरुआती कर्मचारियों में से थे और Google DeepMind में काम कर चुके हैं। कहा जाता है कि उन्होंने Gemini AI मॉडल के शुरुआती विकास में भी अहम भूमिका निभाई थी।
Who is Noam Shazeer/Photo- Youtube/Dwarkesh_Patel
विवाद की शुरुआत
The Information की एक रिपोर्ट के मुताबिक, गूगल में वापसी के बाद नोआम शजीर ने Gemini प्रोजेक्ट को काफी हद तक आकार देने में योगदान दिया, लेकिन उनकी कुछ आंतरिक चर्चाओं में की गई टिप्पणियां विवाद का कारण बन गईं, जिसके चलते गूगल ने उनके बयानों पर सेंसर लगाया। यह मामला तब सामने आया जब उन्होंने कंपनी के एक आंतरिक मंच पर ट्रांसजेंडर और नॉन-बाइनरी कर्मचारियों के समर्थन से जुड़ी चर्चा में टिप्पणी की।
शजीर ने लिखा, “मैं नहीं मानता कि इंसानों में ‘जेंडर’ नाम की कोई विशेषता होती है। मैं नहीं मानता कि भगवान लोगों को गलत शरीर में रखता है। मैं यह भी नहीं मानता कि बच्चों को नसबंदी करना ठीक है। आपको अपने विश्वास रखने का अधिकार है, लेकिन मैं उनसे सहमत नहीं हूं।” इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई। Elon Musk ने भी शजीर का समर्थन किया और X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “Noam is right.”
नोआम शजीर कौन हैं?
नोआम शजीर ने 2000 में गूगल जॉइन किया था और वे कंपनी के शुरुआती तकनीकी विशेषज्ञों में से एक थे। वे Google Brain टीम का हिस्सा रहे और उन्होंने मशहूर रिसर्च पेपर “Attention Is All You Need” का सह-लेखन किया था। इसी पेपर से Transformer Model की अवधारणा सामने आई, जिसने आज के सभी बड़े AI मॉडल्स (LLMs) की नींव रखी।
गूगल में काम के दौरान शजीर और उनकी टीम ने Meena नाम का चैटबॉट बनाया था, लेकिन जब कंपनी ने उसे सार्वजनिक रूप से जारी करने से इनकार किया, तो उन्होंने 2021 में गूगल छोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने Character.AI नामक स्टार्टअप की स्थापना की, एक ऐसा एआई प्लेटफॉर्म, जहां लोग मशहूर वास्तविक या काल्पनिक किरदारों से चैट कर सकते हैं।
Character.AI से Google तक की वापसी
जब ChatGPT (2022) ने एआई इंडस्ट्री में तहलका मचाया, तो गूगल ने भी अपने एआई प्रयास तेज किए और Bard चैटबॉट लॉन्च किया, जिसे बाद में Gemini नाम दिया गया। इसी दौरान गूगल ने Character.AI के साथ एक लाइसेंसिंग डील की, जिसके तहत नोआम शजीर, डैनियल डी फ्रीटास और उनकी टीम के कुछ सदस्य दोबारा गूगल से जुड़ गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस डील की कीमत करीब $2.7 बिलियन (लगभग ₹22,500 करोड़) थी जो यह दिखाती है कि गूगल, शजीर की तकनीकी विशेषज्ञता को कितनी अहमियत देता है।
