Starlink India Launch: भारत में हाई-स्पीड इंटरनेट सर्विस को लेकर बड़ी हलचल मची हुई है। एलन मस्क की कंपनी SpaceX की सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस Starlink जल्द ही भारत में लॉन्च होने की तैयारी में है। अगर यह सर्विस भारत आती है तो इसका सीधा मुकाबला एयरटेल और जियो से होगा। बता दें कि स्टारलिंक से दूरदराज के इलाकों में भी फास्ट इंटरनेट कनेक्टिविटी संभव हो सकेगी।
Starlink
कब लॉन्च होगी स्टारलिंक
अभी दूरसंचार विभाग (DoT) लाइसेंस के लिए स्टारलिंक की रिक्वेस्ट का रिव्यू कर रहा है। भारत ने पहले ही भारती समर्थित वनवेब और जियो-एसईएस से सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस को मंजूरी दे दी है, जबकि स्टारलिंक और अमेजन के प्रोजेक्ट कुइपर को अभी भी मंजूरी का इंतजार है। एलन मस्क की कंपनी SpaceX की सैटेलाइट-आधारित इंटरनेट सर्विस Starlink के भारत में 2025 के मध्य या आखित कर लॉन्च होने की संभावना है।
कितनी है Starlink की स्पीड
वर्तमान में केन्या और मलेशिया जैसे देशों में Starlink यूजर्स को 100 Mbps से 200 Mbps तक की डाउनलोड स्पीड मिल रही है, जबकि इसकी लेटेंसी 20 से 70 मिलीसेकंड के बीच है। भारत में भी Starlink 100 से 200Mbps तक की स्पीड दे सकती है। यह स्पीड वीडियो स्ट्रीमिंग और कॉल्स के लिए उपयुक्त है, हालांकि गेमिंग के लिए यह लेटेंसी सही नहीं मानी जाती।
Jio और Airtel की 5G सर्विस से कैसे है अलग
भारत में Jio और Airtel की 5G सर्विस पहले से उपलब्ध हैं, जो यूजर्स को 300 से 400 Mbps तक की स्पीड प्रदान करती हैं, और कुछ मामलों में यह 700 Mbps तक भी पहुंच सकती है। इस तुलना में, Starlink की स्पीड वर्तमान में Jio और Airtel की 5G सेवाओं से कम है। लेकिन स्टारलिंक दूर-दराज के इलाकों में भी कनेक्टिविटी दे सकती है, जो इसे Jio और Airtel 5G से अलग बनाती है।
कितनी होगी लागत
Starlink सर्विस की संभावित लागत भारत में अधिक हो सकती है। अन्य देशों में, इसके इंस्टॉलेशन की कीमत 50,000 से 65,000 रुपये के बीच है, और मासिक शुल्क लगभग 7,425 रुपये हो सकता है, जिसमें 30% टैक्स शामिल है। ऐसे में भारत में भी स्टारलिंक का सब्सक्रिप्शन महंगा हो सकता है।
