WhatsApp यूजर्स के लिए एक नया फीचर जल्द देखने को मिल सकता है। इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म एक ऐसे Contacts टैब पर काम कर रहा है, जहां यूजर्स को अपने सभी कॉन्टैक्ट एक ही जगह पर मिल सकेंगे। यहां लोगों को जल्दी खोजने के साथ यह भी पता चल सकेगा कि कौन ऑनलाइन है। इसके अलावा WhatsApp में कॉन्टैक्ट्स के जन्मदिन की याद दिलाने वाला फीचर भी शामिल किया जा सकता है। हालांकि, यह फीचर अभी डेवलपमेंट स्टेज में है और फिलहाल बीटा टेस्टर्स के लिए उपलब्ध नहीं है।
एक ही जगह मिलेंगे सभी कॉन्टैक्ट/Photo- Wabetainfo
एक ही जगह मिलेंगे सभी कॉन्टैक्ट
WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp Android ऐप के लिए एक नए Contacts टैब की टेस्टिंग कर रहा है। इसका उद्देश्य यूजर्स के लिए कॉन्टैक्ट्स को ढूंढना और उनसे जुड़ी जानकारी तक पहुंचना आसान बनाना है। नए सेक्शन में यूजर्स अपने कॉन्टैक्ट देख सकेंगे और वहीं से किसी व्यक्ति के साथ बातचीत शुरू कर सकेंगे। Contacts टैब के सबसे ऊपर एक सर्च बार दिया जा सकता है। इसकी मदद से यूजर किसी व्यक्ति को नाम, फोन नंबर या यूजरनेम से खोज सकेगा।
ऑनलाइन यूजर्स सबसे ऊपर दिख सकते हैं
रिपोर्ट के मुताबिक, कॉन्टैक्ट लिस्ट को Activity या Alphabetical Order में व्यवस्थित करने का विकल्प मिल सकता है। Activity चुनने पर जो कॉन्टैक्ट उस समय ऑनलाइन होंगे, वे लिस्ट में ऊपर दिखाई दे सकते हैं। वहीं Alphabetical विकल्प चुनने पर कॉन्टैक्ट्स को उनके नाम के हिसाब से क्रम में लगाया जाएगा।
ऑनलाइन कॉन्टैक्ट की प्रोफाइल फोटो पर ग्रीन डॉट दिखाई दे सकता है। अगर किसी यूजर ने अपना Last Seen नहीं छिपाया है, तो ऑफलाइन होने पर उसकी आखिरी बार ऑनलाइन होने की जानकारी भी दिखाई जा सकती है।
अब WhatsApp बताएगा किसका Birthday है
नए Contacts टैब में Birthday Reminders भी शामिल किए जा सकते हैं। अगर किसी कॉन्टैक्ट का जन्मदिन है, तो उसके नाम के साथ केक वाला इमोजी और “Birthday today” लेबल दिखाई दे सकता है। इससे यूजर को अलग-अलग चैट खोलकर जन्मदिन की जानकारी चेक करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वह सीधे उसी कॉन्टैक्ट को मैसेज कर सकेगा।
Meta AI और Invite a Friend का भी विकल्प
Contacts सेक्शन में Meta AI तक पहुंचने का विकल्प भी दिया जा सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह कॉन्टैक्ट लिस्ट के नीचे दिखाई दे सकता है। वहीं सबसे नीचे “Invite a friend” का विकल्प मिल सकता है, जिसकी मदद से यूजर उन लोगों को WhatsApp पर आने के लिए इनवाइट कर सकेगा, जो अभी इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल नहीं करते हैं।
Privacy Settings का रखा जाएगा ध्यान
WhatsApp का नया Contacts टैब यूजर्स की मौजूदा प्राइवेसी सेटिंग्स के हिसाब से काम करेगा। अगर किसी व्यक्ति ने अपना Online Status छिपाया है, तो उसके प्रोफाइल पर ग्रीन डॉट दिखाई नहीं देगा। इसी तरह Last Seen बंद करने वाले कॉन्टैक्ट्स को Recent Activity के आधार पर नहीं दिखाया जाएगा।
अभी Beta Testers के लिए उपलब्ध नहीं
फिलहाल यह Contacts टैब Android के लिए डेवलपमेंट स्टेज में है और WhatsApp के बीटा प्रोग्राम में भी उपलब्ध नहीं कराया गया है। इसलिए अभी यह साफ नहीं है कि कंपनी इसे सभी यूजर्स के लिए कब जारी करेगी। उम्मीद है कि आने वाले किसी अपडेट में इस फीचर को रोलआउट किया जा सकता है।
