WhatsApp bans: व्हाट्सएप ने मंगलवार को कहा कि उसने फरवरी 2025 के दौरान भारत में 97 लाख से अधिक अकाउंट्स पर रोक लगाई। मेटा के स्वामित्व वाले इंस्टैंट मैसेजिंग ऐप ने बताया कि इनमें से 14 लाख अकाउंट को किसी भी यूजर्स के शिकायत करने से पहले ही एक्टिव रूप से बंद कर दिया गया। इससे पहले जनवरी महीने में व्हाट्सएप ने भारत में 99 लाख से अधिक अकाउंट को बंद किया था।
WhatsApp bans
मासिक सिक्योरिटी रिपोर्ट में किया खुलासा
मेटा के स्वामित्व वाले व्हाट्सएप ने अपनी मासिक सिक्योरिटी रिपोर्ट जारी करते हुए यह जानकारी दी। व्हाट्सएप ने कहा, “फरवरी, 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाट्सएप ने अपनी सर्विस की शर्तों का उल्लंघन करने के लिए भारत में 97 लाख से अधिक अकाउंट्स बंद कर दिए। इनमें से 14 लाख से अधिक अकाउंट को प्लेटफार्म ने किसी भी यूजर्स की रिपोर्ट से पहले ही सक्रियता दिखाते हुए बंद कर दिया था।”
ये भी पढ़ें: Apple Intelligence: भारतीय आईफोन यूजर्स की मौज, भारत में जारी हुए एपल इंटेलिजेंस' फीचर, ऐसे करें इस्तेमाल
इसके साथ ही, व्हाट्सएप ने प्लेटफार्म का जिम्मेदारी से उपयोग करने के सुझाव भी साझा किए हैं। इसने दूसरे लोगों की सीमाओं का सम्मान करना, थोक एवं स्वचालित संदेशों के साथ स्पैमिंग से बचने और ब्रॉडकास्ट लिस्ट का जिम्मेदारी से उपयोग करने के बारे में सुझाव दिए हैं।
व्हाट्सएप के प्रवक्ता ने कहा कि उपयोगकर्ताओं को प्लेटफार्म पर सुरक्षित रखने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और अन्य प्रौद्योगिकी, डेटा वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों एवं प्रक्रियाओं में लगातार निवेश किया गया है।
कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि हमारी लेटेस्ट रिपोर्ट में यूजर्स की शिकायतों, उन पर की गई कार्रवाइयों और दुरुपयोग रोकने के लिए व्हाट्सएप के सक्रिय दृष्टिकोण को रेखांकित किया गया है।
इनपुट- भाषा
