ट्रंप परिवार ने एक नई मोबाइल फोन कंपनी शुरू करने की घोषणा की है। यह कंपनी अमेरिका में ही अपने फोन बनाएगी और देश में ही कॉल सेंटर भी चलाएगी। इस कंपनी को डोनाल्ड ट्रंप के बेटे एरिक ट्रंप संभालेंगे।
ट्रंप मोबाइल (Image-reuters)
यह नया बिजनेस उस समय सामने आया है जब ट्रंप परिवार ने हाल ही में कतर और वियतनाम में रियल एस्टेट और गोल्फ प्रोजेक्ट्स की भी घोषणा की है। ट्रंप ने पिछले महीने Apple कंपनी की आलोचना की थी क्योंकि वह अपने iPhone भारत में बनाने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा था कि अगर Apple अमेरिका में प्रोडक्शन नहीं करता, तो वह मोबाइल फोन पर 25% टैक्स लगा सकते हैं।
इस घोषणा से कुछ लोगों को चिंता है कि ट्रंप अपने निजी फायदे के लिए सरकारी नीतियों को बदल सकते हैं। रायटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप के बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने बताया कि उनकी नई मोबाइल कंपनी एक खास पैकेज लेकर आ रही है। इस पैकेज में लोग एक ही महीने की फीस देकर कई सुविधाएं पा सकेंगे।
- अपने फोन पर टेलीमेडिसिन यानी डॉक्टर से ऑनलाइन सलाह
- अपनी कार के लिए रोडसाइड सहायता
- दुनिया के 100 देशों में अनलिमिटेड टेक्स्टिंग
इस सेवा की कीमत $47.45 प्रति माह रखी गई है। यह कीमत ट्रंप के राष्ट्रपति पद से जुड़ी है- वे अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति रह चुके हैं और अब 47वें राष्ट्रपति हैं। इसके साथ ही एक नया गोल्डन स्मार्टफोन भी लॉन्च किया जाएगा, जो दिखने में आकर्षक होगा और पूरी तरह अमेरिका में डिजाइन और तैयार किया जाएगा।
