Snapchat Layoffs: स्नैप के स्वामित्व वाली सोशल मीडिया दिग्गज स्नैपचैट ने कंपनी में छंटनी की घोषणा कर दी है। कंपनी ने अपने 10% यानी करीब 529 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का फैसला किया है। बता दें कि साल की शुरुआत से ही टेक सेक्टर में छंटनी का सिलसिला जारी है। अब तब अमेजन, गूगल सहित 100 से ज्यादा कंपनियों ने 30 हजार से ज्यादा लोगों को नौकरी से निकाल दिया है।
Snapchat Layoffs
स्नैप 10% कार्यबल करेगा कम
यह छंटनी स्नैप द्वारा पिछले साल की गई बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की कटौती के बाद हुई है। बता दें कि इससे पहले कंपनी ने 2022 में 20 प्रतिशत और 2023 में 3 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी की थी। 2023 की शुरुआत में, स्नैप में लगभग 5,300 कर्मचारी थे। यानी अब इसमें से भी लगभग 530 कर्मचारियों को नौकरी से हाथ धोना पड़ेगा। डिजिटल एड मार्केट में गिरावट के बीच कंपनी राजस्व के लिए संघर्ष कर रही है।
टेक सेक्टर में नहीं थम रहा छंटनी का दौर
गौरतलब है कि तकनीकी कर्मचारियों के लिए वर्ष 2024 की शुरुआत सही नहीं रही है। साल के पहले महीने यानी जनवरी में ही 122 से अधिक टेक कंपनियों और स्टार्टअप ने 30 हजार से अधिक कर्मचारियों को नौकरी से निकाला है। नौकरियों में कटौती लगातार जारी है। छंटनी पर नजर रखने वाली वेबसाइट लेऑफ्सडॉटफाई के आंकड़ों के अनुसार, 122 टेक कंपनियों ने (3 फरवरी तक) 31,751 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया है।
साल 2022-23 में गई थीं इतनी नौकरियां
दुनिया भर में स्टार्टअप समेत टेक कंपनियों ने 2022 और 2023 में 425,000 से अधिक कर्मचारियों को नौकरी से निकाला था। जबकि इसी समय सीमा में भारत में 36,000 से अधिक कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया।
