Samsung अपने Galaxy स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वालों के लिए एक ऐसा फीचर लाने की तैयारी कर रही है, जो फोटो से वीडियो बनाने का तरीका पूरी तरह आसान कर सकता है। इस नए फीचर की मदद से यूजर्स अपने फोन की गैलरी में सेव तस्वीरों को कुछ ही मिनटों में छोटे और आकर्षक वीडियो में बदल सकेंगे। सैमसंग के अपकमिंग फीचर की सबसे बड़ी खास बात यह है होगी कि इसके लिए न तो किसी थर्ड पार्टी ऐप को डाउनलोड करना होगा और न ही वीडियो एडिटिंग की झंझट उठानी पड़ेगी। खास बात यह है कि इस पूरे काम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की मदद मिलेगी।
नए फीचर से करोड़ो ंयूजर्स को मिलेगी सहूलियत।
यूजर अपनी पसंद की फोटो चुनकर या AI को अपनी जरूरत के हिसाब से निर्देश देकर वीडियो तैयार कर सकेंगे। अगर यह फीचर उम्मीद के मुताबिक काम करता है, तो Instagram Reels और YouTube Shorts जैसे प्लेटफॉर्म के लिए वीडियो बनाना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो सकता है।
क्या है Samsung का नया Shorts फीचर?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, Samsung अपने Galaxy AI में एक नए फीचर पर काम कर रही है। इसका नाम Shorts बताया जा रहा है। इस फीचर को कंपनी अपने Gallery ऐप में शामिल कर सकती है। इसके आने के बाद यूजर्स अपनी पसंदीदा तस्वीरों को वीडियो में बदल पाएंगे। खबरों की मानें तो यह सुविधा कंपनी के आने वाले One UI 9.5 सॉफ्टवेयर अपडेट का हिस्सा बन सकती है। हालांकि, अभी तक Samsung ने इस फीचर को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी शेयर नहीं की गई है।
फोटो से अपने आप तैयार होगा वीडियो
इस नए फीचर की सबसे खास बात इसका इस्तेमाल करने का आसान तरीका हो सकता है। यूजर अपनी पसंद की तस्वीरें चुनकर उनसे वीडियो तैयार कर सकेंगे। इतना ही नहीं, इसमें AI की मदद से वीडियो बनाने का विकल्प भी मिल सकता है। अगर यूजर अपनी पसंद के हिसाब से कोई खास वीडियो बनाना चाहते हैं, तो वे AI को टेक्स्ट में निर्देश यानी प्रॉम्प्ट दे सकेंगे। इसके बाद AI उन्हीं निर्देशों के आधार पर वीडियो तैयार कर सकता है। इससे बिना एडिटिंग की जानकारी रखने वाले लोग भी आसानी से शानदार वीडियो बना सकेंगे।
मिल सकते हैं कई कस्टमाइजेशन ऑप्शन
Samsung इस फीचर में यूजर्स को वीडियो अपनी पसंद के मुताबिक तैयार करने की सुविधा भी दे सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें नए फॉन्ट और ऑडियो डाउनलोड करने का विकल्प मिल सकता है। इससे यूजर अपने वीडियो को अलग लुक और पसंदीदा म्यूजिक के साथ तैयार कर पाएंगे। तैयार किए गए वीडियो Gallery ऐप के Stories सेक्शन में दिखाई दे सकते हैं। यहां से यूजर उन्हें आसानी से देख सकेंगे और सोशल मीडिया पर शेयर भी कर सकेंगे।
क्या इस फीचर के लिए देने होंगे पैसे?
इस नए फीचर को लेकर एक और चर्चा है कि Samsung इसे पेड सर्विस के तौर पर पेश कर सकती है। यानी हो सकता है कि इसका इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को कुछ पैसे चुकाने पड़ें। हालांकि, अभी इसकी कीमत या सब्सक्रिप्शन से जुड़ी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल यह फीचर डेवलपमेंट के शुरुआती दौर में बताया जा रहा है। ऐसे में इसके सभी फीचर्स और उपलब्धता को लेकर तस्वीर साफ होने में थोड़ा समय लग सकता है। अगर Samsung इसे लॉन्च करती है, तो Galaxy स्मार्टफोन यूजर्स के लिए फोटो से वीडियो बनाना पहले के मुकाबले काफी आसान हो जाएगा।
