OpenAI CTO Mira Murati Resigns: चैटजीपीटी डेवलपर कंपनी ओपनएआई की चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (CTO) मीरा मुराती ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्टार्टअप को अलविदा कह दिया है। उनके साथ वाइस प्रेसिडेंट-रिसर्च बैरेट जोफ और चीफ रिसर्च ऑफिसर बॉब मैकग्रे ने भी कंपनी से इस्तीफा दे दिया है। वहां दें कि OpenAI में माइक्रोसॉफ्ट भी हिस्सेदार है और कंपनी रिस्ट्रक्चर की योजना बना रही है।
OpenAI CTO Mira Murati
एक्स पोस्ट में दी जानकारी
बता दें कि मुराती छह साल से अधिक समय से ओपनएआई के साथ हैं, वह 2017 में ओपनएआई में शामिल हुई थीं और ओपनएआई की एडवांसमेंट में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। नवंबर में कंपनी के नेतृत्व में उथल-पुथल के दौरान उन्होंने कुछ समय के लिए सीईओ की भूमिका निभाई थी, जब बोर्ड ने ऑल्टमैन को अस्थायी रूप से हटा दिया था। लेकिन अब वह कंपनी छोड़ रही हैं।
इस्तीफे की जानकारी मुराती ने एक्स (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट के माध्यम से दी है। उन्होंने लिखा""मैं इसलिए पद छोड़ रही हूं क्योंकि मैं अपने खुद के एक्सप्लोरेशन के लिए टाइम और स्पेस क्रिएट करना चाहती हूं।"
सैम ऑल्टमैन का किया आभार
अपने मैसेज में, मुराती ने ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन और सह-संस्थापक ग्रेग ब्रॉकमैन के प्रति आभार व्यक्त किया, और एआई की सीमाओं को आगे बढ़ाने में उनकी संयुक्त सफलता को बताया। उन्होंने टीम को उनके साथ मिलकर काम करने के लिए धन्यवाद देते हुए लिखा, "मैंने ओपनएआई छोड़ने का कठिन निर्णय लिया है।"
दो और टेक्निकल लीडर्स ने छोड़ी कंपनी
मुराती के इस्तीफे के कुछ ही घंटों बाद, ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने खुलासा किया कि दो अन्य वरिष्ठ टेक्निकल लीडर्स, वाइस प्रेसिडेंट-रिसर्च बैरेट जोफ और चीफ रिसर्च ऑफिसर बॉब मैकग्रे ने भी इस्तीफा दिया है। उनका इस्तीफा कंपनी में नेतृत्व परिवर्तन की दिशा में नया बदलाव माना जा रहा है।
