OpenAI to Introduce GPT-5: नवंबर 2022 में ओपनएआई ने अपने एआई चैटबॉट चैटजीपीटी ChatGPT को पेश करने के बाद दुनिया को चौका दिया था। अब ChatGPT को लगातार डेवलप किया जा रहा है। कंपनी जल्दी ही इसका 5वां वर्जन यानी GPT-5 पेश करने की तैयारी कर रही है। ओपनएआई के सीईओ सैम अल्टमैन ने चैटबॉट के नए वर्जन को पेश करने के संकेत दिए हैं।
एआई चैटबॉट चैटजीपीटी
ओपनएआई GPT-5 पर कर रही काम
ओपनएआई के सीईओ सैम अल्टमैन ने खुलासा किया है कि ओपनएआई जीपीटी-5 पर एक्टिव तरीके से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इसमें "सुपर इंटेलिजेंस" भी हो सकती है। अल्टमैन ने कहा कि वह आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस (एजीआई) बनाने के अपने लक्ष्य के लिए माइक्रोसॉफ्ट से फंडिंग जुटाने की उम्मीद करते हैं। उन्होंने कहा कि ओपनएआई और माइक्रोसॉफ्ट के बीच साझेदारी ठीक से काम कर रही है।
हालांकि, अब तक कंपनी के सीईओ सैम अल्टमैन ने GPT-5 की लॉन्चिंग तारीख का खुलासा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि इसे प्रशिक्षित करने के लिए अधिक डेटा की आवश्यकता होगी। अल्टमैन के अनुसार यह डेटा 'इंटरनेट पर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध डेटा सेट के संयोजन के साथ-साथ कंपनियों के डेटा' से आएगा।
GPT-4 की तुलना में होगी ज्यादा पावर
GPT-5 को अपने पहले वाले वर्जन GPT-4 की तुलना ज्यादा पावर के साथ पेश किया जाएगा। हालांकि, कंपनी ने अब तक इसके फीचर्स को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है। बता दें कि फिलहाल GPT-4, ओपनएआई का सबसे लेटेस्ट चैटबॉट है, जो केवल प्रीमियम यूजर्स के लिए ही उपलब्ध है। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि GPT-5 को पहले केवल प्रीमियम यूजर्स के लिए ही पेश किया जाएगा।
