सोचिए, आपको ऑनलाइन शॉपिंग करनी है, लेकिन प्रोडक्ट ढूंढने, कीमतों की तुलना करने और पेमेंट करने के लिए अलग-अलग वेबसाइट खोलने की जरूरत ही न पड़े। आप बस अपने AI असिस्टेंट को बताएं कि क्या खरीदना है और बाकी काम वह खुद कर दे। OpenAI इसी दिशा में एक नया कदम उठाने जा रही है। कंपनी ने ChatGPT Wallet नाम का नया शॉपिंग फीचर पेश किया है, जिसकी मदद से AI एजेंट यूजर की ओर से सामान खरीदने से लेकर पेमेंट करने तक का काम कर सकेंगे।
ChatGPT Wallet को कैसे सेटअप करें? Photo- Openai
OpenAI ने 13 नवंबर को इस फीचर की घोषणा की। इसके जरिए कंपनी अपने पर्सनल AI एजेंट 'Dots' को ऑनलाइन शॉपिंग के लिए और ज्यादा सक्षम बना रही है। हालांकि, खरीदारी पूरी होने से पहले यूजर को सामान और उसकी कुल कीमत देखने के साथ पेमेंट की मंजूरी भी देनी होगी।
क्या है ChatGPT Wallet और कैसे करेगा काम?
ChatGPT Wallet की मदद से यूजर अपना पेमेंट कार्ड AI एजेंट के साथ जोड़ सकेंगे। इसके बाद Dot एजेंट को बताया जा सकेगा कि कौन सा सामान खरीदना है। एजेंट यूजर की जरूरत के मुताबिक प्रोडक्ट चुनने और खरीदारी की प्रक्रिया पूरी करने में मदद करेगा।
सबसे खास बात यह है कि हर बार शॉपिंग करते समय कार्ड की जानकारी दोबारा डालने की जरूरत नहीं होगी। चेकआउट के समय Wallet से चुने गए कार्ड के जरिए पेमेंट किया जा सकेगा। हालांकि, खरीदारी पूरी करने से पहले यूजर को सामान और कुल बिल की जानकारी मिलेगी।
Face ID या फिंगरप्रिंट से देनी होगी मंजूरी
OpenAI ने इस फीचर में यूजर की सुरक्षा और नियंत्रण का भी ध्यान रखा है। AI एजेंट अपने आप बिना अनुमति के खरीदारी पूरी नहीं कर सकेगा। यूजर को प्रोडक्ट और उसकी कुल कीमत देखने के बाद Face ID या फिंगरप्रिंट के जरिए पेमेंट को मंजूरी देनी होगी। इससे यूजर के पास यह तय करने का अधिकार रहेगा कि कौन सा सामान खरीदना है और उस पर कितना पैसा खर्च करना है। हर ट्रांजैक्शन का रिकॉर्ड भी उपलब्ध रहेगा।
कार्ड की जानकारी नहीं होगी शेयर
ChatGPT Wallet में पेमेंट के लिए टोकनाइजेशन तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें यूजर के असली कार्ड नंबर की जगह एक पेमेंट टोकन इस्तेमाल होता है। इससे कार्ड की वास्तविक जानकारी न तो Dot AI एजेंट के साथ शेयर होती है और न ही सीधे मर्चेंट तक पहुंचती है।
हालांकि, सामान की डिलीवरी के लिए जरूरी जानकारी जैसे शिपिंग एड्रेस और संपर्क नंबर यूजर की अनुमति के तहत मर्चेंट के साथ शेयर किए जाएंगे। OpenAI के मुताबिक, AI एजेंट के जरिए खरीदारी करने पर भी यूजर को अपने क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड मिलते रहेंगे। ट्रांजैक्शन में कोई गड़बड़ी होने पर उसे विवादित करने की सुविधा भी रहेगी।
फिलहाल किन यूजर्स को मिलेगा फीचर?
ChatGPT Wallet की शुरुआत अभी सीमित स्तर पर की जा रही है। शुरुआती चरण में यह सुविधा अमेरिका में रहने वाले 18 साल या उससे अधिक उम्र के चुनिंदा ChatGPT Pro सब्सक्राइबर्स को मिलेगी। फिलहाल इसमें अमेरिका में जारी Visa, Mastercard और American Express क्रेडिट कार्ड का सपोर्ट दिया गया है। यानी भारत के यूजर्स अभी इस फीचर का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे।
ChatGPT Wallet को कैसे सेटअप करें?
इस फीचर को इस्तेमाल करने की प्रक्रिया आसान रखी गई है। इसके लिए यूजर को सबसे पहले अपने ChatGPT Wallet में योग्य पेमेंट कार्ड जोड़ना होगा। इसके बाद अपने Dot AI एजेंट को बताना होगा कि उन्हें कौन सा सामान खरीदना है। एजेंट खरीदारी की प्रक्रिया में मदद करेगा। चेकआउट के समय यूजर को प्रोडक्ट और कुल कीमत दिखाई जाएगी। इसके बाद Face ID या फिंगरप्रिंट से मंजूरी देने पर पेमेंट पूरा हो सकेगा।
आगे मिल सकती है खर्च की लिमिट तय करने की सुविधा
OpenAI भविष्य में ChatGPT Wallet को और ज्यादा उपयोगी बनाने की तैयारी कर रही है। कंपनी की योजना है कि यूजर्स को खर्च की सीमा तय करने और खास प्रोडक्ट के लिए अपनी शर्तें जोड़ने का विकल्प दिया जाए।
इससे यूजर पहले से तय कर सकेंगे कि AI एजेंट किस तरह के सामान खरीद सकता है और कितने रुपये तक खर्च कर सकता है। ऐसी सुविधा आने पर एजेंट कुछ खरीदारी यूजर की तय की गई शर्तों के आधार पर खुद भी पूरी कर सकेगा।
