ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी के मामले में रिलायंस जियो ने मप्र-छग सर्किल में नया रिकॉर्ड बना लिया है। हाल ही में टेलीकॉम रेगुलेटर ट्राई की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार जियो फाइबर ग्राहकों की संख्या 5 लाख पार कर चुकी है। मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ में पहली बार किसी कंपनी के अंदर फाइबर ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या 5 लाख के पार हो चुकी हैं। जियो ने 3 साल के अंदर इस उपलब्धि को हासिल किया है। सर्किल में जियो फाइबर ब्रॉडबैंड ग्राहकों के मामले में पहले स्थान पर है। मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ सर्किल में इंदौर, रायपुर, ग्वालियर, भोपाल, जबलपुर सहित 88 शहरों में जियो फाइबर की सेवा ग्राहकों को उपलब्ध है।
जियो ईवेंट में मुकेश अंबानी (फाइल फोटो)
ट्राई के आंकड़ों के अनुसार जियो ने नवंबर में 17.2 हजार फाइबर ग्राहक जोड़े थे और सर्किल में अब जियो फाइबर के 5.01 लाख ग्राहक हैं। इस दौरान एयरेटल के ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या 8 हजार बढ़कर 4.06 लाख हो गई। वहीं वोडाफोन आइडिया के ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या 5.3 हजार बढ़कर 35.2 हजार हो गई। वहीं बीएसएनएल के ग्राहकों की संख्या 2.4 हजार बढ़कर 2.58 लाख रही।
नवंबर 2022 में मप्र-छग में कुल 7.61 करोड़ मोबाइल ग्राहक हैं। जबकि सर्किल में मोबाइल ग्राहकों के मामले में भी जियो पहले स्थान पर है। ट्राई के आंकड़ों के अनुसार जियो के नवंबर 2022 में मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ में 3.78 करोड़ मोबाइल ग्राहक हैं। जियो का मार्केट शेयर 49.65 फीसदी है। वहीं वोडाफोन आइडिया के 1.76 करोड़, एयरटेल के 1.52 करोड़ और बीएसएनएल के 55.04 लाख ग्राहक मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ में है।
जियो मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ सर्किल के 11 शहरों में अब तक जियो ट्रू 5जी सेवा लॉन्च कर चुका है। कंपनी ने मध्यप्रदेश के 5 शहरों इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन में जियो ट्रू 5जी सेवा लॉन्च की है। वहीं छत्तीसगढ़ के 6 शहरों रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, कोरबा और राजनांदगांव में जियो ट्रू5जी सेवा पहुंच चुकी है।
