AI की दुनिया में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए Meta ने नया AI मॉडल Muse Ember लॉन्च किया है। इसे खासतौर पर डेवलपर्स और उन कंपनियों के लिए तैयार किया गया है, जो अपने रोजमर्रा के कामों को AI एजेंट्स की मदद से ऑटोमेट करना चाहती हैं। यह मॉडल कोडिंग, फाइल पढ़ने, टेस्ट चलाने, जानकारी निकालने और अलग-अलग टूल्स का इस्तेमाल करने जैसे काम कर सकता है। Meta का दावा है कि Muse Ember कम लागत में बड़े AI मॉडल के बराबर प्रदर्शन दे सकता है। कंपनी ने इसे अपने डेवलपर प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध करा दिया है।
AI एजेंट्स के छोटे-छोटे काम करेगा आसान/ Photo- Meta
AI एजेंट्स के छोटे-छोटे काम करेगा आसान
Meta के मुताबिक, Muse Ember को उन छोटे लेकिन बार-बार किए जाने वाले कामों के लिए डिजाइन किया गया है, जो किसी बड़े ऑटोमेशन वर्कफ्लो का हिस्सा होते हैं। उदाहरण के लिए, यह डॉक्यूमेंट पढ़ सकता है, कोड में बदलाव कर सकता है और कोड टेस्ट चला सकता है। इसके अलावा बाहरी टूल्स का इस्तेमाल करके जरूरी जानकारी भी निकाल सकता है।
कंपनियां इसका इस्तेमाल अपने रिकॉर्ड में जानकारी खोजने और अलग-अलग एप्लिकेशन में उसे अपडेट करने जैसे कामों के लिए कर सकती हैं। इससे AI एजेंट्स को हर छोटे काम के लिए बड़े और महंगे AI मॉडल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
10 लाख टोकन की कॉन्टेक्स्ट विंडो
Muse Ember की सबसे बड़ी खासियत इसकी 1 मिलियन टोकन की कॉन्टेक्स्ट विंडो है। यह एक बार में 5,12,000 आउटपुट टोकन तक जनरेट कर सकता है। मॉडल टेक्स्ट, इमेज, ऑडियो और वीडियो इनपुट को भी सपोर्ट करता है। इसकी मदद से डेवलपर्स लंबे डॉक्यूमेंट का विश्लेषण कर सकते हैं, स्क्रीनशॉट की जानकारी समझ सकते हैं और बड़े कोडबेस पर काम कर सकते हैं। इसके लिए फाइलों को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटने की जरूरत कम होगी।
GPT-6 Luna और Claude को दी टक्कर
Meta ने Muse Ember की तुलना Anthropic के Claude Haiku 5.5 और OpenAI के GPT-6 Luna से की है। कंपनी की ओर से साझा किए गए Artificial Analysis Intelligence Index में Muse Ember को 36 अंक मिले हैं। इस मामले में इसने Claude Haiku 5.5 के बराबर प्रदर्शन किया, जबकि GPT-6 Luna को 28 अंक मिले। AutomationBench-AA टेस्ट में Muse Ember ने 37.8 प्रतिशत स्कोर हासिल किया। वहीं GPT-6 Luna को 20.2 प्रतिशत और Claude Haiku 5.5 को 13.9 प्रतिशत अंक मिले।
Terminal-Bench 4.0 में भी Muse Ember ने 40.9 प्रतिशत स्कोर के साथ Claude Haiku 5.5 के 39.2 प्रतिशत स्कोर को पीछे छोड़ दिया। हालांकि, FrontierCode 2.0-AA में Claude Haiku 5.5 ने 34.9 प्रतिशत स्कोर हासिल किया, जबकि Muse Ember को 27.2 प्रतिशत अंक मिले। Meta का दावा है कि Muse Ember Claude Haiku 5.5 के समान प्रदर्शन लगभग एक-तिहाई लागत में दे सकता है।
कितनी है कीमत और कहां मिलेगा Muse Ember?
Meta ने Muse Ember को अपने Model API और Muse Code प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया है। डेवलपर्स इसे muse-ember-1.0 नाम से इस्तेमाल कर सकते हैं। इसकी कीमत की बात करें तो कंपनी प्रति 10 लाख इनपुट टोकन के लिए 0.10 डॉलर (करीब 9.36 रुपये) और 10 लाख आउटपुट टोकन के लिए 0.50 डॉलर (करीब 47 रुपये) चार्ज करेगी। वहीं, कैश्ड इनपुट टोकन की कीमत 10 लाख टोकन के लिए 0.004 डॉलर (करीब 0.37 रुपये) रखी गई है।
इसके अलावा Meta ने Responses API का सपोर्ट भी जोड़ा है। यह मॉडल Google Cloud और Oracle Cloud पर भी उपलब्ध है। कंपनी के मुताबिक, Muse Ember को साइबर सुरक्षा, नुकसान पहुंचाने वाले निर्देशों और दूसरे संभावित जोखिमों को ध्यान में रखकर टेस्ट किया गया है। इन परीक्षणों में मॉडल कंपनी के तय हाई-रिस्क स्तर तक नहीं पहुंचा।
