लग्जरी वॉचमेकर Jacob & Co ने अनंत अंबानी के लिए एक बेहद खास और अनोखी घड़ी तैयार की है, जिसकी कीमत लगभग 1.5 मिलियन डॉलर (करीब ₹12 करोड़) बताई जा रही है। यह कस्टम टाइमपीस ‘Vantara’ से प्रेरित है, जो वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक माना जाता है, हालांकि जब हमने रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रवक्ता से इस संबंध में संपर्क किया तो उन्हें इस पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी।
Jacob & Co Vantara Watch For Anant Ambani/Photo-Instagram/Jacob & Co
डायल पर अनंत अंबानी की हैंड-पेंटेड आकृति
इस घड़ी की सबसे खास बात इसके डायल के केंद्र में मौजूद हाथ से बनाई गई अनंत अंबानी की आकृति है। यह चित्र प्रकृति के प्रति संरक्षण, करुणा और जिम्मेदारी को दर्शाता है। इसके साथ ही डायल पर शेर और बंगाल टाइगर की बारीक आकृतियां भी उकेरी गई हैं, जो Vantara द्वारा संरक्षित किए जा रहे विविध वन्यजीवों का प्रतीक हैं।
कीमती रत्नों से सजी अनोखी डिजाइन
घड़ी के चारों ओर ग्रीन कैमोफ्लाज जेमस्टोन मोटिफ दिया गया है, जो प्राकृतिक आवासों की झलक देता है। इसके फ्रेम में डेमैन्टॉइड गार्नेट, त्सावोराइट, ग्रीन सैफायर और व्हाइट डायमंड्स जड़े गए हैं। कुल मिलाकर इस घड़ी में 397 कीमती रत्न लगे हैं, जिनका कुल वजन 21.98 कैरेट है। यह Jacob & Co की हाई-ज्वेलरी और कहानी कहने वाली घड़ी निर्माण कला को दर्शाता है।
क्या है Vantara पहल
Vantara, जिसका अर्थ है ‘स्टार ऑफ द फॉरेस्ट’, रिलायंस इंडस्ट्रीज और अनंत अंबानी द्वारा शुरू की गई एक महत्वाकांक्षी पहल है। यह जामनगर, भारत में स्थित एक विशाल वन्यजीव बचाव और पुनर्वास केंद्र है, जो संकटग्रस्त जानवरों के इलाज और संरक्षण पर काम करता है। 3,000 एकड़ में फैला यह केंद्र 2,000 से अधिक प्रजातियों के 1.5 लाख से ज्यादा जानवरों का घर है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस वन्यजीव केंद्र
Vantara में विशेष हाथी अस्पताल, MRI/CT स्कैनर, हाइड्रोथेरेपी पूल और बड़े वन्यजीवों के लिए अत्याधुनिक देखभाल सुविधाएँ मौजूद हैं। मार्च 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन के बाद से यह दुनिया भर के लोगों के लिए एक बड़ा आकर्षण बन चुका है।
अनंत अंबानी का लग्जरी वॉच कलेक्शन
अनंत अंबानी को महंगी घड़ियों का शौक है। उनके कलेक्शन में Patek Philippe, Audemars Piguet, Richard Mille और Rolex जैसे ब्रांड शामिल हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका वॉच कलेक्शन ₹200 करोड़ से अधिक का है, जिसमें Patek Philippe की Grand Master Chime सबसे कीमती घड़ियों में से एक मानी जाती है।
