देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के लाखों यात्रियों के लिए बुधवार का दिन बेहद खास रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई वासियों को बड़ा तोहफा देते हुए बुधवार को इंटीग्रेटेड कॉमन मोबाइल ऐप ‘Mumbai One’ को लॉन्च किया। इस ऐप के जरिए मुंबई में हर दिन यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने वाली है। यह App देश का पहला Common Mobility प्लेटफॉर्म है। ‘Mumbai One’ ऐप मुंबई महानगर के 11 सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को एक साथ जोड़ता है।
नए ऐप से हर दिन यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों को सहूलियत मिलने वाली है।
यह ऐप यात्रियों को सफर करने में बड़ी सुविधा मुहैया कराने वाला है। ‘Mumbai One’ ऐप का मकसद यात्रियों को अलग-अलग साधनों के लिए एक ही जगह से मोबाइल टिकट की सुविधा देना है। इस एक ऐप की मदद से यात्री मेट्रो, मोनोरेल, लोकल ट्रेन और बस जैसी सेवाओं के लिए एक ही जगह से डिजिटली टिकट को बुक कर सकेंगे।
अलग-अलग टिकट की झंझट होगी खत्म
‘Mumbai One’ ऐप में 11 प्रमुख ट्रांसपोर्ट सेवाओं को शामिल किया गया है। जैसे- मुंबई मेट्रो लाइन 1, 2A, 3 और 7, मुंबई मोनोरेल, मुंबई लोकल ट्रेन, नवी मुंबई मेट्रो, और बस सेवाएं (ठाणे, मीरा-भायंदर, कल्याण-डोंबिवली )। इसका एक बड़ा फायदा यह होगा कि अब यात्रियों को अलग-अलग टिकट लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, Mumbai One App यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी ऐप है। इस ऐप के माध्यम से यात्रियों को टिकट खरीदने के लिए लंबी कतारों में खड़े रहने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि इस ऐप में डिजिटल पेमेंट की सुविधा उपलब्ध है। एक ही टिकट से विभिन्न प्रकार के सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करना संभव हो जाता है।
यात्रियों को मिलेंगे रियल टाइम अपडेट्स
‘Mumbai One’ ऐप में रियल-टाइम अपडेट्स भी मिलते हैं, जैसे कि ट्रेन या बस की देरी होने पर यात्रियों को जानकारी मिल जाएगी। इससे यूजर्स को वैकल्पिक रूट्स और डेस्टिनेशन तक पहुंचने में कितना समय लगेगा इसकी जानकारी भी मिलेगी। इसमें यूजर नजदीकी स्टेशन, महत्वपूर्ण स्थान और अन्य उपयोगी जानकारी को नक्शे पर भी देख सकते हैं।
