Google ने आखिरकार अपनी नई Pixel 11 सीरीज को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस सीरीज में चार नए स्मार्टफोन पेश किए हैं, जिनमें Pixel 11, Pixel 11 Pro, Pixel 11 Pro XL और Pixel 11 Pro Fold शामिल हैं। नई सीरीज में बड़ा बैटरी बैकअप, नया Tensor G6 चिपसेट और कई अपग्रेडेड फीचर्स दिए गए हैं। आएए Pixel 11, Pixel 11 Pro और Pixel 11 Pro XL की कीमत और स्पेसिफिकेशन के बारे में जानते हैं।
Google Pixel 11 के स्पेसिफिकेशन/Photo- Google Store
Pixel 11, Pixel 11 Pro और Pro XL की कीमत
भारत में Google Pixel 11 की शुरुआती कीमत 89,999 रुपये रखी गई है। वहीं Pixel 11 Pro की कीमत 1,09,999 रुपये और Pixel 11 Pro XL की कीमत 1,24,999 रुपये है। फिलहाल इन फोन के लिए प्री-ऑर्डर शुरू हो चुके हैं। गूगल के इंडिया स्टोर पर ऑनलाइन सभी फोन को लिस्ट कर दिया गया है। लॉन्च ऑफर के तहत ग्राहकों को 10,000 रुपये तक का इंस्टेंट कैशबैक और 9,000 रुपये तक का एक्सचेंज बोनस मिल सकता है। इसके अलावा 24 महीने तक की नो-कॉस्ट EMI का विकल्प भी दिया जा रहा है।
Google Pixel 11 के स्पेसिफिकेशन
Pixel 11 में 6.3 इंच का Actua OLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 3,000 निट्स की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करता है। फोन में Google का नया Tensor G6 प्रोसेसर दिया गया है, जिसे 12GB RAM और 256GB इंटरनल स्टोरेज के साथ जोड़ा गया है। फोन में 4,985mAh की बैटरी दी गई है। यह Frost, Pistachio, Hibiscus और Obsidian चार कलर ऑप्शन में उपलब्ध है।
Pixel 11 में ट्रिपल रियर कैमरा
कैमरा सेटअप की बात करें तो Pixel 11 में ट्रिपल रियर कैमरा मिलता है। इसमें 48MP का प्राइमरी कैमरा, 13MP का अल्ट्रा-वाइड एंगल कैमरा और 10.8MP का टेलीफोटो कैमरा शामिल है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 10.5MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है।
Pixel 11 Pro के फीचर्स
Pixel 11 Pro में Actua LTPO OLED डिस्प्ले दिया गया है, जो अडैप्टिव रिफ्रेश रेट के साथ आता है। इसकी पीक ब्राइटनेस 3,600 निट्स तक है। फोन को Canyon, Olive, Fog और Obsidian चार कलर ऑप्शन में पेश किया गया है।
Pixel 11 Pro में 12GB RAM और 256GB स्टोरेज के साथ 4,850mAh की बैटरी दी गई है। कैमरा सेटअप में 50MP का प्राइमरी सेंसर, 48MP का अल्ट्रा-वाइड सेंसर और 48MP का टेलीफोटो कैमरा मिलता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए 42MP का ऑटोफोकस फ्रंट कैमरा दिया गया है।
Pixel 11 Pro XL में बड़ी स्क्रीन और बैटरी
Pixel 11 Pro XL के ज्यादातर फीचर्स Pixel 11 Pro जैसे ही हैं। दोनों फोन में मुख्य अंतर डिस्प्ले और बैटरी के आकार का है। Pixel 11 Pro XL में 6.8 इंच की स्क्रीन दी गई है, जबकि इसमें 5,115mAh की बड़ी बैटरी मिलती है। यानी जो यूजर्स बड़ी स्क्रीन और ज्यादा बैटरी बैकअप चाहते हैं, उनके लिए Pro XL ज्यादा बड़ा विकल्प है।
