Women World Cup 2025, Google Doodle Today: 13वां आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप आज से शुरू हो रहा है और इस खास मौके पर गूगल ने खास डूडल बनाया है। गूगल ने अपने डूडल के साथ महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के इतिहास के बारे में भी जानकारी दी है। गूगल के डूडल को गूगल सर्च के होमपेज पर देखा जा सकता है। आज गूगल डूडल बल्ले, विकेट और बॉल के साथ पिच को भी देखा जा सकता है। खास बात यह है कि यह गूगल डूडल सिर्फ उन्हीं देशों में नजर आ रहा है जहां की टीमें आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में शामिल हैं। बता दें कि भारत और श्रीलंका, जो इस टूर्नामेंट के सह-मेजबान हैं, गुवाहाटी में 50 ओवर के इस टूर्नामेंट का पहला मैच खेलेंगे। यह मैच इस 31 मैचों के इवेंट का उद्घाटन होगा।
ICC Women World Cup 2025 Google Doodle/Photo- Google
आपको याद दिला दें कि महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप, जो पहली बार 1973 में आयोजित हुआ था, पुरुषों के वर्ल्ड कप से दो साल पहले शुरू हुआ था। तब से यह टूर्नामेंट महिला क्रिकेट का सबसे प्रतिष्ठित आयोजन बन चुका है। 2025 में 8 टीमें हिस्सा लेंगी जो कि भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, वेस्ट इंडीज, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका हैं।
भारत की उम्मीदें घरेलू मैदान पर
भारत चौथी बार महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप की मेजबानी कर रहा है। इससे पहले भारत ने 1978, 1997 और 2013 में भी इसका आयोजन किया था। 1978 और 2017 में फाइनल में पहुंचने के बावजूद, भारतीय टीम अब तक यह ट्रॉफी जीतने में सफल नहीं हो पाई है। कप्तान हरमनप्रीत कौर और उपकप्तान स्मृति मंधाना के नेतृत्व में भारत श्रीलंका के खिलाफ उद्घाटन मैच खेलेगा। इसके बाद भारत, 5 अक्टूबर को कोलंबो में पाकिस्तान से भी मुकाबला करेगा, जैसा कि आईसीसी के नियमों के तहत राजनीतिक तनाव के कारण पाकिस्तान के खिलाफ मैच तटस्थ स्थल पर खेले जाएंगे।
प्रमुख दावेदार
ऑस्ट्रेलिया, जो सात बार की चैंपियन है और वर्तमान में शीर्ष रैंक पर है, अपनी दबदबे को जारी रखने की कोशिश करेगा। वह 9 अक्टूबर को विशाखापत्तनम में भारत से भिड़ेगा। इंग्लैंड, जो दूसरे नंबर पर है, नए नेतृत्व में उतरेगा, जहां चार्लोट एडवर्ड्स को कोच और नत सिवर-ब्रंट को कप्तान नियुक्त किया गया है। अन्य मजबूत दावेदारों में न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्ट इंडीज शामिल हैं।
टूर्नामेंट स्थल और कार्यक्रम
मैचों का आयोजन पांच स्थानों पर होगा, जिनमें से चार भारत में और एक श्रीलंका में होगा। टूर्नामेंट 2 नवंबर तक चलेगा और इसका समापन फाइनल मैच से होगा। श्रीलंका अपने सभी लीग मैचों की मेज़बानी करेगा, सिवाय भारत के खिलाफ उद्घाटन मैच और 20 अक्टूबर को मुंबई में बांगलादेश के खिलाफ होने वाले मैच के।
भारत की टीम की प्लेयर्स
भारत की टीम में शामिल खिलाड़ी हैं- हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), प्रितिका रावल, हरलीन देओल, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा गोस्वामी, उमा छेत्री, रेणुका सिंह ठाकुर, दीप्ति शर्मा, स्नेह राना, श्री चारणी, राधा यादव, अमनजोत कौर, अरुंधति रेड्डी और क्रांति गौड़। रेजर्व में शामिल खिलाड़ी हैं: तेजल हसाबनिस, प्रेमा रावत, प्रिया मिश्रा, मिनू मणि और सायली सतघर। यह टूर्नामेंट महिला क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक मोड़ साबित हो सकता है, और सभी की नजरें इस भव्य आयोजन पर टिकी हुई हैं।
