India Mobile Congress 2026 में इस बार सिर्फ मोबाइल और नेटवर्क टेक्नोलॉजी ही देखने को नहीं मिली, बल्कि ऐसे कई प्रोडक्ट और इनोवेशन भी नजर आए जो आने वाले समय में रोजमर्रा की जिंदगी बदल सकते हैं। दिल्ली के यशोभूमि में आयोजित इस इवेंट में AI, सैटेलाइट कनेक्टिविटी, 6G, स्मार्ट डिवाइस, D2M और रोबोटिक्स से लेकर हेल्थ और स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर तक कई तरह की तकनीक का प्रदर्शन किया गया। इनमें जियो के स्मार्ट ग्लासेज से लेकर Jio Satellite, Airtel 6G, Entity Locker और D2M फीचर फोन खास आकर्षण रहे।
Entity Locker और D2M फोन भी चर्चा में
जियो के स्मार्ट ग्लास से होगा UPI पेमेंट?
जियो ने अपने AI स्मार्ट ग्लासेज का डेमो दिखाया, जिसमें कैमरा से लैस ग्लासेज के जरिए UPI पेमेंट का अनुभव प्रदर्शित किया गया। खास बात यह है कि इस डेमो में पेमेंट के लिए यूजर को बार-बार स्मार्टफोन निकालने की जरूरत नहीं पड़ती। ग्लासेज में AI और विजुअल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल किया गया है, हालांकि जियो ने अभी यह साफ नहीं किया है कि इस तरह के पेमेंट में ऑथेंटिकेशन कैसे होगा और ट्रांजैक्शन को किस तरह सुरक्षित बनाया जाएगा। इसलिए फिलहाल इसे एक टेक्नोलॉजी डेमो के तौर पर ही देखना सही होगा।
Jio Satellite के एंटीना ने खींचा ध्यान
जियो के पवेलियन में सैटेलाइट कनेक्टिविटी से जुड़ी तकनीक भी देखने को मिली। यहां Jio Satellite से जुड़े एंटीना और कनेक्टिविटी सिस्टम का प्रदर्शन किया गया। सैटेलाइट के जरिए इंटरनेट और कनेक्टिविटी पहुंचाने की दिशा में जियो की यह तैयारी खास है, क्योंकि इस क्षेत्र में कंपनी की सीधी टक्कर Starlink जैसी सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस से है।
Airtel 6G की झलक भी मिली
IMC 2026 में Airtel की 6G तकनीक की झलक भी देखने को मिली। 5G के बाद अगली पीढ़ी के नेटवर्क को लेकर दुनियाभर में काम चल रहा है और भारत में भी कंपनियां 6G से जुड़ी तकनीक और संभावनाओं को प्रदर्शित कर रही हैं। इसका मकसद ज्यादा तेज कनेक्टिविटी के साथ बेहद कम लेटेंसी और नए तरह के कनेक्टेड डिवाइस को सपोर्ट करना है।
Entity Locker और D2M फोन भी चर्चा में
प्रदर्शनी में Entity Locker जैसे डिजिटल समाधान भी देखने को मिले। इसके साथ Freestream Mobile का D2M फीचर फोन भी खास आकर्षण रहा। यह सामान्य फीचर फोन से अलग है क्योंकि इसमें D2M तकनीक के लिए एंटीना दिया गया है। इस फीचर फोन में बिना इंटरनेट और सिम कार्ड के भी लाइव टीवी देखा जा सकता है।
Entity Locker, DigiLocker का एक विशेष डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसे कंपनियों, फर्मों, MSMEs, सोसायटी और ट्रस्ट जैसी संस्थाओं के दस्तावेजों को सुरक्षित रूप से डिजिटल रूप में रखने और प्रबंधित करने के लिए बनाया गया है।
जहां DigiLocker मुख्य रूप से व्यक्तियों के व्यक्तिगत दस्तावेजों जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, मार्कशीट और प्रमाणपत्रों के लिए उपयोग होता है, वहीं Entity Locker संस्थाओं के दस्तावेजों जैसे Certificate of Incorporation, MoA, AoA, GST और अन्य व्यावसायिक दस्तावेजों के लिए उपयोगी है। इसके माध्यम से संस्थाएं अपने दस्तावेजों को सुरक्षित रखने, आवश्यकतानुसार साझा करने और डिजिटल रूप से प्रबंधित करने में आसानी पा सकती हैं।
आखिर D2M टेक्नोलॉजी क्या है?
D2M यानी Direct-to-Mobile तकनीक का मकसद मोबाइल डिवाइस तक वीडियो, टीवी चैनल या दूसरे कंटेंट को सीधे ब्रॉडकास्ट नेटवर्क के जरिए पहुंचाना है। इसमें हर कंटेंट के लिए इंटरनेट या मोबाइल डेटा पर निर्भरता जरूरी नहीं होती। आसान भाषा में कहें तो जैसे टीवी एंटीना के जरिए ब्रॉडकास्ट सिग्नल पकड़ता है, वैसे ही D2M सपोर्ट वाला डिवाइस ब्रॉडकास्ट सिग्नल सीधे रिसीव कर सकता है। Freestream Mobile का यह फीचर फोन इसी कॉन्सेप्ट को दिखाता है। यानी भविष्य में कम डेटा खर्च के साथ मोबाइल पर ब्रॉडकास्ट कंटेंट देखने की संभावना बन सकती है।
AI, ड्रोन और रोबोटिक्स भी रहे आकर्षण
IMC 2026 में AI ग्लास और कनेक्टिविटी के अलावा ऑटोनॉमस ड्रोन, रोड डेटा कलेक्शन सिस्टम, सिक्योरिटी कैमरा, रोबोटिक्स किट और स्मार्ट फार्मिंग जैसी तकनीक भी देखने को मिली। छात्रों के लिए coding, AI और robotics सिखाने वाले Quarky और Intellio जैसे समाधान दिखाए गए। वहीं Fasal Salah जैसे AI आधारित सिस्टम खेती में फसल की निगरानी और सलाह देने पर फोकस करते हैं।
कुल मिलाकर IMC 2026 में यह साफ दिखा कि टेक्नोलॉजी अब सिर्फ स्मार्टफोन और तेज इंटरनेट तक सीमित नहीं रह गई है। स्मार्ट ग्लास से UPI पेमेंट, सैटेलाइट इंटरनेट, 6G और D2M जैसे प्रयोग दिखाते हैं कि आने वाले समय में कनेक्टिविटी हमारे आसपास के कई अलग-अलग डिवाइस और सेवाओं का हिस्सा बनने वाली है।
