दावोस में चल रहे वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) 2026 में टेक अरबपति एलन मस्क ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर एक बड़ा और चौंकाने वाला दावा किया है। ब्लैकरॉक के सीईओ लैरी फिंक के साथ एक पैनल चर्चा के दौरान मस्क ने कहा कि AI की रफ्तार जिस तरह से बढ़ रहा है, उससे संभव है कि साल के अंत तक AI किसी भी इंसान से ज्यादा स्मार्ट हो जाए।
Elon Musk in Davos 2026/Photo-x.com/cb_doge
2026 तक इंसानों से आगे निकलेगा AI
एलन मस्क ने कहा, “मुझे नहीं पता कि 10 साल में क्या होगा, लेकिन जिस गति से AI आगे बढ़ रहा है, उससे लगता है कि इस साल के अंत तक AI किसी भी इंसान से ज्यादा बुद्धिमान हो सकता है।” उन्होंने आगे कहा कि 5 साल के भीतर, यानी 2030 या 2031 तक, AI पूरी मानवता की सामूहिक बुद्धिमत्ता से भी आगे निकल सकता है।
AI और रोबोटिक्स में जबरदस्त आर्थिक उछाल की उम्मीद
मस्क का मानना है कि आने वाले समय में AI और रोबोटिक्स के क्षेत्र में अभूतपूर्व आर्थिक विस्तार देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो उनकी कंपनियां अगले साल के अंत तक आम लोगों के लिए ह्यूमनॉइड रोबोट बेचने की शुरुआत कर सकती हैं।
इंसानों से ज्यादा होंगे रोबोट
एलन मस्क ने भविष्य को लेकर एक और बड़ा अनुमान लगाया। उन्होंने कहा कि दुनिया में इतनी बड़ी संख्या में AI और रोबोट बनाए जाएंगे कि वे इंसानी जरूरतों को पूरी तरह संतृप्त कर देंगे। “मेरा अनुमान है कि आने वाले समय में रोबोटों की संख्या इंसानों से ज्यादा हो जाएगी,” मस्क ने कहा।
समाज को बदल देंगे रोबोट
मस्क के अनुसार, रोबोट समाज को पूरी तरह बदल देंगे और इंसानों का काम काफी हद तक कम कर देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि एक समय ऐसा आएगा जब रोबोट ही रोबोट बनाएंगे। मस्क ने दावा किया कि धरती पर हर कोई चाहेगा कि उसके पास एक रोबोट हो, जो बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल करे, बच्चों पर नजर रखे या पालतू जानवरों का ख्याल रखे।
सभ्यता के बेहतर भविष्य का लक्ष्य
Tesla, SpaceX और Starlink जैसी कंपनियों के मालिक एलन मस्क ने कहा कि उनकी कोशिश “इस बात की संभावना को अधिकतम करना है कि मानव सभ्यता का भविष्य शानदार हो।”
Grok विवाद के बीच मस्क की मौजूदगी
मस्क का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब उनकी स्टार्टअप xAI द्वारा विकसित AI सिस्टम Grok कथित तौर पर यौन रूप से आपत्तिजनक इमेज जेनरेशन को लेकर विवादों में घिरा हुआ है।
दावोस के कट्टर आलोचक भी रहे हैं मस्क
एलन मस्क की WEF में मौजूदगी इसलिए भी चर्चा में रही, क्योंकि वह पहले दावोस सम्मेलन की आलोचना करते रहे हैं। मस्क इसे अभिजात्य, जवाबदेही से दूर और आम लोगों से कटा हुआ मंच बताते रहे हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई बार दावोस को “बोरिंग” कहा और WEF को “एक अनिर्वाचित विश्व सरकार” तक करार दिया है।
