Elon Musk: एलन मस्क ने ट्विटर के नए CEO नियुक्त करने की घोषणा की है। हालांकि उन्होंने बिना किसी व्यक्ति का नाम लिए अगले कुछ हफ्तों में इस बदलाव को करने की बात कही है। मस्क ने एक ट्वीट में कहा, "यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि मैंने ट्विटर के लिए एक नए सीईओ को नियुक्त किया है। वह अगले 6 सप्ताह में पद का कार्यभार संभालेंगी!"
एलन मस्क
मस्क संभालेंगे ये पद
मस्क ने ट्वीट कर कहा कि वे खुद ट्विटर के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन और चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर होंगे। मस्क लंबे समय से ट्विटर के लिए नए CEO की तलाश में थे। उन्होंने पिछले साल दिसंबर में एक पोल के जरिए लोगों से पूछा था कि क्या उन्हें CEO का पद छोड़ देना चाहिए। इस पोल पर 57.5% लोगों ने उन्हें पद छोड़ने की सलाह दी थी। इसके बाद मस्क ने कहा था कि जैसे ही मुझे इस काम के लिए कोई मिल जाएगा, मैं इस्तीफा दे दूंगा। मस्क, ने नवंबर में कहा था कि वह ट्विटर पर अपना समय कम करने की उम्मीद कर रहे हैं।
ट्विटर खरीदने के बाद किए कई बदलाव
अक्टूबर में नए ट्विटर मालिक के रूप में मस्क ने पहले दो सप्ताह तेजी से बदलाव किए थे। उन्होंने जल्दी से ट्विटर के पिछले सीईओ पराग अग्रवाल और अन्य सीनियर अधिकारी को निकाल दिया और फिर नवंबर में अपने आधे कर्मचारियों को निकाल दिया।
डॉग को कहा था ट्विटर का नया CEO
एलन मस्क ने 15 फरवरी 2023 को कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि इस साल के आखिरी तक ट्विटर के लिए एक नया CEO मिल जाएगा। इस बीच मस्क ने ट्विटर पर अपने डॉग फ्लोकी (Floki) की फोटोज शेयर कर मजाक में उसे ट्विटर का नया CEO भी बताया था।
मस्क ने फ्लोकी की फोटो शेयर कर लिखा था, 'ट्विटर का नया CEO बहुत अमेजिंग है। यह दूसरे लोगों से काफी अच्छा है। ये नंबरों के साथ भी अच्छा और काफी स्टाइलिश भी है।'
