Apple ने अपनी नई iPhone 17 सीरीज के तहत iPhone 17e को भारत समेत ग्लोबल मार्केट में लॉन्च कर दिया है। यह इस सीरीज का सबसे किफायती मॉडल है और पिछले साल आए iPhone 16e का अपग्रेडेड वर्जन है। नए मॉडल में A19 चिप, MagSafe सपोर्ट और Ceramic Shield 2 जैसी प्रमुख खूबियां जोड़ी गई हैं। खास बात यह है कि अब यह 256GB स्टोरेज के साथ बेस वेरिएंट में ही उपलब्ध है।
कीमत और उपलब्धता
भारत में iPhone 17e की शुरुआती कीमत 64,900 रुपये रखी गई है, जिसमें 256GB स्टोरेज मिलती है। वहीं 512GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 84,900 रुपये है। यह स्मार्टफोन ब्लैक, सॉफ्ट पिंक और व्हाइट कलर ऑप्शन में उपलब्ध होगा। ग्राहक इसे अभी प्री-ऑर्डर कर सकते हैं, जबकि इसकी बिक्री 11 मार्च से एपल की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत रिटेल स्टोर्स पर शुरू होगी।
डिस्प्ले और डिजाइन
iPhone 17e में 6.1 इंच का Super Retina XDR OLED डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रेजोल्यूशन 1,170×2,532 पिक्सल है। स्क्रीन 60Hz रिफ्रेश रेट, True Tone और 800 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करती है। फोन में Ceramic Shield 2 प्रोटेक्शन दी गई है, जो कंपनी के मुताबिक पहले के ग्लास की तुलना में तीन गुना बेहतर स्क्रैच रेजिस्टेंस देती है। यह IP68 रेटिंग के साथ आता है, जिससे यह धूल और पानी से सुरक्षित रहता है।
प्रोसेसर और परफॉर्मेंस
iPhone 17e में लेटेस्ट A19 चिप दी गई है, जिसमें छह-कोर CPU, चार-कोर GPU और 16-कोर न्यूरल इंजन शामिल है। इसके साथ 8GB रैम मिलती है। यह iOS 26 पर काम करता है और Apple Intelligence फीचर्स सपोर्ट करता है। फोन ड्यूल सिम (नैनो + eSIM) सपोर्ट के साथ आता है और इसमें एक्शन बटन भी दिया गया है।
कैमरा फीचर्स
स्मार्टफोन में 48 मेगापिक्सल का रियर कैमरा (f/1.6 अपर्चर) दिया गया है, जो 24MP और 48MP फोटो कैप्चर कर सकता है। इसमें ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन (OIS) सपोर्ट मिलता है। कंपनी के अनुसार, इसमें 2x “ऑप्टिकल क्वालिटी” जूम दिया गया है, जो इन-सेंसर क्रॉप तकनीक से 12MP इमेज देता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 12 मेगापिक्सल का TrueDepth फ्रंट कैमरा (f/1.9 अपर्चर) मौजूद है। हालांकि इसमें Action Mode और Cinematic Video जैसे फीचर नहीं दिए गए हैं, जो महंगे iPhone 17 मॉडल में मिलते हैं।
