टेक जायंट एप्पल अपने नए-नए इनोवेशन के लिए जानी जाती है। कंपनी अपने करोड़ों यूजर्स की सुविधा के लिए अपने डिवाइसेस को नए नए फीचर्स के साथ अपग्रेड करती रहती है। अब एप्प्ल ने कुछ ऐसा किया है जिससे करोड़ों यूजर्स को बड़ी सहूलियत मिलने वाली है। एप्पल की तरफ से अपने यूजर्स के लिए नए हेल्थ फीचर्स का ऐलान किया गया है। अगर आपके पास Apple Watch और AirPods Pro तो अब आप इनके जरिए अपनी सेहत का ख्याल रख पाएंगे।
एप्पल ने वॉच और ईयरपॉड्स में दिए नए फीचर्स।(फोटो क्रेडिट-iStock)
एप्पल की तरफ से बताया गया है कि अब यूजर्स को एप्पल वॉच में Sleep Apnea Notification और AirPods Pro में Hearing Test जैसे एडवांस फीचर्स का सपोर्ट मिलेगा। कंपनी के मुताबिक इन फीचर्स का मकसद यूजर्स को घर बैठे हेल्थ से जुड़ी जरूरी जानकारी से अपडेट करना है ताकि समय रहते जरूरी कमद उठाए जा सकें।
इस बीमारी का मिलेगा नॉटिफिकेशन
बता दें कि Sleep Apnea एक ऐसी बीमारी है जिसमें सोते समय कई बार व्यक्ति की सांस कुछ सेकंड के लिए रुक जाती है। इस वजह से शरीर को जरूरी मात्रा में पर्याप्त आक्सीजन नहीं मिल पाती है। अगर यह समस्या लंबे समय तक रहे तो व्यक्ति को हाई ब्लड प्रेशर, टाइप 2 डायबिटीज और दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। Apple Watch का नया ‘Breathing Disturbances’ फीचर नींद के दौरान व्यक्ति की कलाई की हलचल और उसके सांस लेने के पैटर्न को ट्रैक करेगा। यदि इसे 30 दिनों के डेटा किसी तरह के गंभीर या फिर मध्यम संकेत मिलते हैं तो यह इसका अलर्ट भेज देगा।
यूजर्स को सिर्फ हेल्थ का अलर्ट ही नहीं मिलेगा बल्कि वह उस डेटा को पीडीएफ फॉर्मेट में भी निकाल सकते हैं। यूजर्स को पिछले तीन महीनों तक का Breathing Disturbance डेटा और बाकी जरूरी डिटेल्स मिल जाएंगी। यूजर्स अपने हेल्थ एक्सपर्ट और डॉक्टर्स के साथ भी इस रिपोर्ट को शेयर कर पाएंगे जिससे किसी भी संभावित बीमारी की जांच आसान हो पाएगी। कंपनी के मुताबिक इस फीचर की मदद से यूजर्स समय रहते बीमारियों की पहचान कर सकेंगे।
AirPods Pro का Hearing Test फीचर
एप्पल की तरफ से AirPods Pro में नया Hearing Test फीचर भी दिया गया है। इस नए फीचर की मदद से यूजर्स घर बैठे करीब 5 मिनट में अपनी सुनने की क्षमता को चेक कर पाएंगे। कंपनी का यह फीचर Pure-Tone Audiometry टेक्नोलॉजी पर बेस्ड है और ज्यादातर इसी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल क्लीनिक में भी किया जाता है। एक बार टेस्ट पूरा होने के बाद यूजर्स को दोनों कानों की Hearing Level रिपोर्ट और जरूरी सुझाव भी मिलेंगे।
