Apple की iPhone 17 सीरीज की मांग अब पहले जैसी मजबूत नहीं दिखाई दे रही है। इसी वजह से कंपनी ने इस सीरीज के प्रोडक्शन प्लान में करीब 15 प्रतिशत की कटौती करने का फैसला किया है। यह जानकारी चीन के पॉपुलर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Weibo पर टिप्स देने वाले Fixed Focus Digital ने सप्लाई चेन के सूत्रों के हवाले से दी है। रिपोर्ट के अनुसार, Apple को उम्मीद है कि आने वाले महीनों में iPhone 17 सीरीज की बिक्री पहले के अनुमान से कम रह सकती है। इसलिए कंपनी ने उत्पादन कम करने का फैसला किया है।
पिछले कुछ समय में कई सारी कंपनियों ने शिपमेंट में कमी की है। (फोटो क्रेडिट-iStock)
सिर्फ Apple ही नहीं, बल्कि दूसरे स्मार्टफोन ब्रांड भी अपने शिपमेंट टारगेट घटा रहे हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि Xiaomi ने अपने शिपमेंट लक्ष्य में 20 से 30 प्रतिशत तक की कटौती की है। Oppo, Vivo और Honor ने भी अपने स्मार्टफोन की सप्लाई का टारगेट 15 से 30 प्रतिशत तक कम कर दिया है।
पहली तिमाही में रहा शानदार प्रदर्शन
हालांकि, साल 2026 की पहली तिमाही (Q1) में Apple का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा था। Counterpoint Research की रिपोर्ट के मुताबिक, iPhone 17 दुनिया का सबसे ज्यादा बिकने वाला स्मार्टफोन रहा और इसकी हिस्सेदारी वैश्विक स्मार्टफोन शिपमेंट में 6 प्रतिशत रही। वहीं iPhone 17 Pro Max और iPhone 17 Pro दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
इसके अलावा, Trend Force की रिपोर्ट के अनुसार, 2026 की पहली तिमाही में Apple का कुल स्मार्टफोन प्रोडक्शन पिछले साल की तुलना में 19.7 प्रतिशत बढ़ा था। इसकी बड़ी वजह iPhone 17e की लॉन्चिंग और iPhone 17 सीरीज का बढ़ा हुआ उत्पादन बताया गया था।
