आज के डिजिटल दौर में कई सरकारी कामों के लिए अब लंबी लाइनों में खड़े होने या बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। स्मार्टफोन के जरिए कई जरूरी सेवाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है। दस्तावेज संभालने से लेकर पेमेंट, स्वास्थ्य रिकॉर्ड और सरकारी सेवाओं तक पहुंचने के लिए कुछ सरकारी ऐप काफी मददगार साबित हो सकते हैं। आज हम आपको 5 ऐसे सरकारी ऐप्स के बारे में बताएंगे जो बड़े ही काम के हैं।
5 सरकारी ऐप जो आपके फोन में होने ही चाहिए, मिनटों में होंगे काम, बचेगा समय
DigiLocker में रखें जरूरी दस्तावेज सुरक्षित
DigiLocker एक ऐसा ऐप है जहां आप अपने जरूरी दस्तावेजों की डिजिटल कॉपी सुरक्षित रख सकते हैं। इसमें ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, शैक्षणिक प्रमाण पत्र और इंश्योरेंस जैसे दस्तावेज सेव किए जा सकते हैं।
DigiLocker से जारी किए गए दस्तावेज कई जगहों पर मान्य होते हैं, इसलिए आपको हर समय कागजी कॉपी साथ रखने की जरूरत नहीं पड़ती। यह छात्रों, नौकरी तलाशने वालों और ज्यादा यात्रा करने वाले लोगों के लिए काफी उपयोगी है।
BHIM ऐप से करें आसान UPI पेमेंट
BHIM ऐप उन लोगों के लिए बेहतर विकल्प है जो सरल तरीके से UPI पेमेंट करना चाहते हैं। इसके जरिए पैसे भेजने और प्राप्त करने, QR कोड स्कैन करने, दुकानदारों को पेमेंट करने और कई बैंक अकाउंट मैनेज करने जैसी सुविधाएं मिलती हैं। UPI नेटवर्क पर काम करने की वजह से यूजर्स कभी भी डिजिटल भुगतान कर सकते हैं। इसमें हर रोज कुछ-ना-कुछ कैशबैक भी मिलता है।
UMANG ऐप में मिलती हैं कई सरकारी सेवाएं
UMANG ऐप कई सरकारी विभागों की सेवाओं को एक ही जगह उपलब्ध कराता है। अलग-अलग विभागों के कई ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ती। इसके जरिए EPFO सेवाएं, पेंशन से जुड़ी जानकारी, बिजली-पानी के बिल भुगतान, गैस बुकिंग, पासपोर्ट सेवाओं समेत कई सुविधाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है।
ABHA से संभालें डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड
ABHA ऐप के जरिए यूजर्स अपना डिजिटल हेल्थ आईडी बना सकते हैं। यह सरकार के डिजिटल हेल्थ मिशन का हिस्सा है। इसकी मदद से स्वास्थ्य से जुड़े रिकॉर्ड को डिजिटल रूप में संभालना आसान हो जाता है। इलाज के दौरान अलग-अलग अस्पतालों और हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स के साथ रिकॉर्ड साझा करना भी आसान हो सकता है।
mAadhaar से फोन में रखें आधार
mAadhaar ऐप के जरिए आप अपने आधार की डिजिटल कॉपी फोन में रख सकते हैं। इसमें आधार से जुड़ी कई सेवाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है। यूजर्स कुछ जानकारी अपडेट कर सकते हैं, आधार नामांकन केंद्र खोज सकते हैं और जरूरत पड़ने पर डिजिटल आधार का इस्तेमाल पहचान सत्यापन के लिए कर सकते हैं।
कुछ ऐप डाउनलोड करके आसान बनाएं रोजमर्रा के काम
इन सभी ऐप का काम अलग-अलग है, लेकिन मिलकर ये कई जरूरी सेवाओं को आसान बना देते हैं। पेमेंट, दस्तावेज, स्वास्थ्य रिकॉर्ड और सरकारी सेवाओं से जुड़े काम अब मोबाइल से किए जा सकते हैं। अगर आपने अभी तक इन ऐप का इस्तेमाल शुरू नहीं किया है, तो इन्हें डाउनलोड करके आप समय, कागजी काम और सरकारी दफ्तरों के अनावश्यक चक्कर बचा सकते हैं।
