युकी भांबरी ने अमेरिकी जोड़ीदार के साथ जीता अल्माटी ओपन का पुरुष युगल खिताब

भारत के नंबर एक युगल खिलाड़ी युकी भांबरी ने अमेरिका जोड़ीदार रयान सेगरमैन के साथ मिलकर अल्माटी ओपन एटीपी 250 टेनिस टूर्नामेंट का पुरुष युगल का खिताब अपने नाम कर लिया।

अल्माटी (कजाखस्तान): भारत के नंबर एक युगल खिलाड़ी युकी भांबरी ने अमेरिका के अपने जोड़ीदार रयान सेगरमैन के साथ मिलकर रविवार को अल्माटी ओपन एटीपी 250 टेनिस टूर्नामेंट में पुरुष युगल का खिताब जीता। भारत और अमेरिका की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने ऑस्ट्रिया के लुकास मीडलर और नील ओबरलीट्नर की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी को एक रोमांचक फाइनल में 7-6(3), 6-7(1), 10-2 से हराया। भांबरी का यह वर्ष 2026 का पहला एटीपी टूर खिताब है। यह एटीपी टूर पर उनका करियर का कुल पांचवा युगल खिताब है। भांबरी ने इससे पहले 2023 में मालोर्का में, 2024 में गस्टाड और म्यूनिख में और 2025 में एटीपी 500 दुबई टूर्नामेंट में एटीपी 250 खिताब जीते थे।

Ryan Segerman and Yuki Bhambri

युकी भांबरी और रयान सेगरमैन (फोटो क्रेडिट @asian_tennis)

न्यूजीलैंड के अपने साथी माइकल वीनस के साथ एटीपी 250 जिनेवा ओपन में उपविजेता रहने के बाद 34 वर्षीय भांबरी का एटीपी टूर्नामेंट में यह इस सत्र का दूसरा फाइनल था। युकी ने पीटीआई से कहा,'मैं इस साल लगातार अपने खेल में सुधार कर रहा हूं। हालांकि, नतीजे उतने अच्छे नहीं रहे, जितनी मुझे उम्मीद थी। पिछले कुछ महीनों में भी मैं कई करीबी मुकाबले हार गया। इस सप्ताह यही अंतर रहा। मेरे जोड़ीदार रयान और मैंने इस टूर्नामेंट में बहुत अच्छी सर्विस की और अंक जीतने के कई मौके बनाए। टूर्नामेंट जीतने के लिए अहम पलों में और दबाव की स्थिति में अच्छा खेलना जरूरी होता है और इस सप्ताह हम ऐसा करने में सफल रहे।'

End of Feed