लंदन: पौलेंड की इगा स्वियातेक विंबलडन की नई महिला एकल चैंपियन बन गई हैं। शनिवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में उन्होंने अमेरिका की अमेंडा अनिसिमोवा को सीधे सेटों में 6-0, 6-0 के अंतर से मात दी और पहली बार विंबलडन का खिताब अपने नाम कर लिया। लगातार आठवीं बार विंबलडन को नई महिला एकल चैंपियन मिली है। 24 वर्षीय स्वियातेक विंबलडन खिताब जीतने वाली पौलैंड की पहली खिलाड़ी बनी हैं। यह उनके करियर का छठा ग्रैंड स्लैम खिताब है। ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचने के बाद स्वियातेक हर बार खिताब अपने नाम करने में सफल रही हैं। ये सिलसिला इस बार भी जारी रहा। ग्रास कोर्ट पर यह उनके करियर का पहला ग्रैंड स्लैम खिताब है। ये उपलब्धि उन्होंने अपने करियर में ग्रैंड स्लैम टू्र्नामेट में 100वीं जीत के रूप में हासिल की।
इगा स्वियातेक (फोटो क्रेडिट AP)
114 साल में पहली बार हुआ फाइनल में ऐसा
आठवीं वरीयता प्राप्त स्वियातेक ने 16वीं वरीयता प्राप्त अमेरिकी खिलाड़ी अमेंडा अनिसिमोवा को कोई मौका नहीं दिया। दोनों सेट उन्होंने 6-0, 6-0 के अंतर से अपने नाम किए। मेंडा अनिसिमोवा स्वियातेक के खिलाफ एक भी अंक हासिल नहीं कर सकीं। विंबलडन के 114 साल में पहली बार इस तरह एकतरफा अंदाज में किसी खिलाड़ी ने खिताबी जीत हासिल की है।
ग्रैंड स्लैम फाइनल में है 100 प्रतिशत जीत का रिकॉर्ड
इगा स्वियातेक मोनिका सेलेस के बाद ग्रैंड स्लैम के सभी छह फाइनल मुकाबलों में जीत हासिल करने वाली दुनिया की पहली महिला खिलाड़ी बन गईं हैं। मोनिका सेलेस ने 1992 में ये उपलब्धि हासिल की थी। मौजूदा दौर में तीनों कोर्ट में ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाली पहली एक्टिव प्लेयर बन गईं हैं।
