बैलोन डी'ओर को फुटबॉल में सबसे प्रतिष्ठित व्यक्तिगत पुरस्कार माना जाता है। इसकी कल्पना स्पोर्टस जर्नलिस्ट गैब्रियल हनोट और जैक्स फेरान ने की। फ्रांसीसी पत्रिका 'फ्रांस फुटबॉल' इसकी शुरुआत की। बैलोन डी'ओर पुरस्कार 2006 तक पूरी तरह से फुटबॉल पत्रकारों के मतदान पर आधारित था। यानी पत्रकारों की जूरी तय करती थी कि किसे यह पुरस्कार दिया जाना चाहिए। 2007 से पहले यह सिर्फ यूरोप के ही खिलाड़ियों को दिया जाता था।
बैलोन डी' ओर। फोटो- Ballon d'Or insta
इसे यूरोपीय फुटबॉलर ऑफ द ईयर पुरस्कार के रूप में भी जाना जाता था। 2007 के बाद भी, इसे आमतौर पर इसी नाम से पहचाना और जाना गया था। क्योंकि इसकी उत्पत्ति एक यूरोपीय पुरस्कार के रूप में हुई थी, जब तक कि इसका फीफा विश्व प्लेयर ऑफ द ईयर पुरस्कार (2010) के साथ विलय नहीं हो गया। 1956 में इसकी शुरुआत की गई। इंग्लैंड के स्टेनली मैथ्यूज इस पुरस्कार के पहले विजेता थे और इसे जीतने वाले अब तक के सबसे उम्रदराज (41 साल 321 दिन) खिलाड़ी थे।
ऐसा रहा है इतिहास
लाइबेरिया के जॉर्ज वेह एकमात्र अफ्रीकी और गैर-यूरोपीय फुटबॉलर हैं, जिन्होंने 1995 में यह पुरस्कार जीता। यह पुरस्कार 2007 में एक वैश्विक पुरस्कार बन गया, जिसमें दुनिया भर के क्लबों के सभी पेशेवर फुटबॉल खिलाड़ी पात्र थे। इसके अलावा, राष्ट्रीय टीमों के कोचों और कप्तानों को भी वोट देने का अधिकार दिया गया। फीफा के साथ जुड़ने पर 2010-2015 के बीच इसे 'फीफा बैलोन डी'ओर' कहा जाता था, लेकिन अब यह वापस 'फ्रांस फुटबॉल' का स्वतंत्र पुरस्कार है। साल 2018 में महिला फुटबॉलरों भी यह अवार्ड दिया जाने लगा।
1956 लेकर 2025 तक कुल 69 बार इस खिताब से खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया है। लियोनेल मेसी ने सर्वाधिक 8 बार इस खिताब जीता है। वहीं, पांच बार बैलोन डी' ओर से सम्मानित क्रिस्टियानो रोनाल्ड कुल 18 बार इस खिताब के लिए नामित हो चुके हैं। साल 2018 में नॉर्वे की एडा हेगरबर्ग यह खिताब जीतने वाली पहली महिला फुटबॉलर बनीं। अभी तक 7 बार महिला फुटबॉलर इस खिताब को जीत चुकी हैं। ऐताना बोनमाटी (स्पेन) ने सर्वाधिक तीन बार यह पुरस्कार जीता है। वहीं, एलेक्सिया पुटेलस (स्पेन) ने दो बार गोल्डेन बॉल पर कब्जा जमाया है।
क्या है अवार्ड का क्राइटेरिया
बैलोन डी'ओर तीन मुख्य मानदंडों के आधार पर दिया जाता है।
1) व्यक्तिगत प्रदर्शन, प्रभावशाली चरित्र
2) टीम का प्रदर्शन और उपलब्धियां
3) शालीनता और फेयर प्ले
क्या है बैलोन डी' ओर का मतलब
बैलोन डी' ओर (Ballon d'Or) एक फ्रेंच शब्द है, जिसका मतलब गोल्डन बॉल (Golden Ball) होता है। इसलिए इसे गोल्डन बॉल के नाम से भी जाना जाता है। साल 2020 में कोविड के चलते इस खिताब का वितरण नहीं हुआ।
