अभिनेत्री नेहा धूपिया और उनके पति अंगद बेदी के टॉक शो 'डबल डेट' के हालिया एपिसोड में पूर्व भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा अपनी करीबी दोस्त और फिल्म निर्देशक फराह खान के साथ शामिल हुईं। इस दौरान बातचीत के बीच जब मेजबानों ने सानिया मिर्जा की पर्सनल लाइफ और डेटिंग से जुड़ा सवाल पूछा, तो सानिया मर्जा ने अपनी पर्सनल लाइफ की मौजूदा स्थिति को लेकर खुलकर बात की।
सानिया मिर्जा ने अपने रिलेशनशिप स्टेटस पर दिया बयान (Instagram/mirzasaniar)
'दोस्तों की टोली में लड़कों जैसा ट्रीटमेंट'
इस शो के दौरान जब नेहा धूपिया और अंगद बेदी ने सानिया से पूछा कि क्या हाल ही में किसी ने उन्हें डेट के लिए अप्रोच किया है, तो सानिया ने मुस्कुराते हुए एक दिलचस्प बात साझा की। सानिया ने बताया कि उनके पुरुष दोस्त उन्हें अक्सर 'बॉयज ट्रिप' पर साथ ले जाते हैं, लेकिन वहां उन्हें किसी रोमांटिक पार्टनर के बजाय एक दोस्त यानी "लड़कों जैसी" ही तरजीह दी जाती है। इसी बातचीत में फराह खान ने चुटकी लेते हुए खुलासा किया कि उनके कई दोस्त अक्सर उन्हें फोन करके यह पुष्टि करते हैं कि क्या सानिया सचमुच सिंगल हैं।
मेरी जिंदगी में कोई पुरुष नहीं है
इस हंसी-मजाक के बीच सानिया मिर्ज़ा ने अपनी स्थिति साफ करते हुए कहा, "मेरी जिंदगी में फिलहाल कोई पुरुष नहीं है, और मुझे नहीं पता कि भविष्य में कोई होगा या नहीं।" सानिया के इस स्पष्ट और बेबाक बयान ने सोशल मीडिया पर प्रशंसकों का ध्यान खींचा है और बयान तेजी से वायरल हुआ है।
निजी जिंदगी को रखा लाइमलाइट से दूर
गौरतलब है कि पूर्व भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा की शादी 2010 में पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक से हुई थी और 2018 में उनके बेटे इजहान मिर्जा मलिक का जन्म हुआ। साल 2023 में सानिया-शोएब का अलगाव हो गया, जिसके बाद जनवरी 2024 में शोएब मलिक ने पाकिस्तानी अभिनेत्री सना जावेद से शादी कर ली।
