Sri Lanka vs Ireland Match Report, ICC T-20 World Cup 2022: श्रीलंका (Sri Lanka) ने टी20 विश्व कप (ICC T-20 World Cup 2022) के सुपर 12 मुकाबले में आयरलैंड (Ireland) को नौ विकेट से हरा दिया। ब्लंडस्टोन एरीना मैदान में रविवार (23 अक्टूबर, 2022) को हुए इस मुकाबले में कुशल मेंडिस प्लेयर ऑफ दि मैच रहे, जिन्होंने लंका के लिए 43 गेंदों में 68 रनों की तूफानी नाबाद पारी खेली। 158.14 के स्ट्राइक रेट से अपनी इनिंग्स में उन्होंने पांच चौके और तीन छक्के जड़े।
उनके अलावा लंका के लिए 31-31 रन धनंजय डिसिल्वा और चरिथ असलंका ने जुटाए। टीम को इसके अलावा तीन रन एक्ट्रा के रूप में मिले। विजयी टीम का स्कोर 15 ओवर में एक विकेट के साथ 133 रन रहा। डिसिल्वा का विकेट 8.2 ओवर पर गिरा था और तब लंका टीम का स्कोर 63 रन था।
दरअसल, मुकाबले में आयरलैंड ने टॉस जीतकर बैटिंग का फैसला किया था। पॉल स्टरलिंग ने 34, एंडी बालबर्नी ने एक, लोकरान टकर ने 10, हैरी टेक्टर ने 45, कर्टिस कैम्फर ने दो, जार्ज डॉकरेल ने 14, गेरेथ डेलानी ने नौ, मार्क एडेयर डक (0), सिमी सिंह सात और बैरी मैककार्थी ने दो रन टीम के लिए बनाए, जबकि चार रन टीम को अतिरिक्त हासिल हुए। यह टीम कुल 20 ओवर में आठ विकेट पर 128 रन बना पाई थी।
श्रीलंकाई गेंदबाजी की बात करें तो बिनुरा र्नांडो ने चार ओवर में 27 रन देकर एक विकेट, लाहिरु कुमारा ने दो ओवर में 12 रन देकर एक विकेट, महीष तीक्षणा ने चार ओवर में 19 रन देकर दो विकेट, चमिका करूणारत्ने ने चार ओवर में 29 रन देकर एक विकेट. वनिंदू हसारंगा ने चार ओवर में 25 रन देकर दो विकेट और डिसिल्वा ने दो ओवर में 13 रन देकर एक विकेट चटकाया।
रोचक बात यह है कि आयरलैंड के आल राउंडर डॉकरेल कोविड पॉजिटिव होने के बावजूद मैच खेले। क्रिकेट आयरलैंड ने पुष्टि की कि डॉकरेल को ‘संभावित पॉजिटिव’ पाया गया। बोर्ड ने कहा कि आईसीसी और राष्ट्रीय अधिकारियों के दिशानिर्देशों के अनुसार ही उन्हें रखा जा रहा है।
हालांकि, कोविड-19 पॉजिटिव आने के बावजूद डॉकरेल श्रीलंका के खिलाफ मैदान पर उतरे और उन्होंने 16 गेंद में 14 रन बनाए। यह टूर्नामेंट का पहला पॉजिटिव मामला था। मौजूदा नियमों के अनुसार पॉजिटिव आने के बावजूद खिलाड़ी को खेले जा रहे टी20 विश्व कप या अपने साथियों के साथ ट्रेनिंग करने से नहीं रोका जा सकता। वैसे, पॉजिटिव खिलाड़ी के मैच और ट्रेनिंग दिनों में अलग से यात्रा करने की जरूरत होती है।
