भारत के प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों का ऐलान बुधवार रात कर दिया गया। गणतंत्र दिवस से पहले घोषित हुए इन पुरस्कारों की लिस्ट में 6 पद्म विभूषण पुरस्कार, 9 पद्म भूषण पुरस्कार और 91 पद्मश्री पुरस्कारों के विजेताओं के नाम का ऐलान किया गया है। इस लिस्ट में इस बार खेल जगत से तीन चेहरों को सम्मानित किया जा रहा है। इन तीनों को पद्म श्री पुरस्कार दिया जा रहा है।
पद्मश्री पुरस्कार
1. एसआरडी प्रसाद
एसआरडी प्रसाद केरल के कलारीप्पयट्टू खेल से ताल्लुक रखते हैं। ये एक प्रकार का मार्शल आर्ट है जिसमें एसआरडी प्रसाद ने बड़ा योगदान दिया है। इससे पहले भी उनको इस खेल को बढ़ावा देने के लिए पुरस्कृत किया जा चुका है। इस बार प्रसाद को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है।
2. के सनाथोइबा शर्मा
के सनाथोइबा शर्मा मणिपुर से ताल्लुक रखते हैं। उनको मणिपुर के मार्शल आर्ट थांग टा के बढ़ावे और उसको सिखाने के लिए पद्मश्री अवॉर्ड से सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने सालों से थांग टा के लिए अपना योगदान दिया है।
3. गुरचरण सिंह
गुरचरण सिंह दिल्ली के हैं और क्रिकेट में उनके योगदान के लिए पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है। गुरचरण सिंह ने दिल्ली के क्रिकेटर्स सहित देश के कई अन्य क्रिकेटर्स को कोचिंग देने का काम किया है। वो 87 वर्ष के हैं। उनका करियर प्रथम श्रेणी क्रिकेट से आगे नहीं बढ़ सका था लेकिन उसके बाद उन्होंने कोचिंग को लक्ष्य बनाया और देश को कोई शानदार क्रिकेटर दिए। अजय जडेजा, कीर्ति आजाद, मुरली कार्तिक जैसे कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को उन्होंने क्रिकेट का पाठ सिखाया। वो देश के दूसरे कोच थे जिन्होंने द्रोणाचार्य अवॉर्ड भी जीता था।
