चार साल बाद कोर्ट पर वापसी के लिए तैयार 44 वर्षीय सेरेना विलियम्स, विंबलडन खेलने की भी उम्मीद जगी

अमेरिकी दिग्गज स्टार सेरेना विलियम्स ने 4 साल के लंबे अंतराल के बाद प्रोफेशनल टेनिस में वापसी का ऐलान कर दिया। इस ऐलान के बाद अब इस बार की चर्चा भी तेज हो गई है कि क्या वो आगामी विंबलडन में भी खेलते नजर आएंगी। ऐसी चर्चा सोशल मीडिया पर उनके एक वीडियो के बाद शुरू हुई थी।

अमेरिका की दिग्गज सेरेना विलियम्स ने प्रोफेशनल टेनिस में वापसी का ऐलान कर दिया। लगभग चार वर्ष तक टेनिस कोर्ट से दूर रहने के बाद 44 साल की उम्र में वो आगामी क्वीन्स क्लब टूर्नामेंट से पेशेवर टेनिस में वापसी करेंगी। तेईस बार की ग्रैंड स्लैम एकल चैंपियन सेरेना इस ग्रास कोर्ट टूर्नामेंट में डबल्स के जरिए प्रतिस्पर्धी टेनिस में वापसी करेंगी। डब्ल्यूटीए ने सोमवार को घोषणा की कि सेरेना ने टूर्नामेंट में खेलने के लिए वाइल्ड कार्ड एंट्री के लिए हामी भर दी। क्वीन्स क्लब टूर्नामेंट अगले सोमवार से शुरू होगा। हालांकि, सेरेना के जोड़ीदार कौन होंगे, इसकी घोषणा होनी अभी बाकी है। जल्द ही सेरेना के जोड़ीदार का नाम भी सामने आ जाएगा।

serena williams

सेरेना विलियम्स (साभार-X)

सेरेना ने पिछली बार 2022 यूएस ओपन में प्रतिस्पर्धी मुकाबला खेला था। उस समय उनके संन्यास की भी खूब चर्चा हुई थी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। उन्होंने उस वक्त टेनिस को अलविदा कहने की बात तो की थी, लेकिन ’संन्यास’ शब्द का इस्तेमाल करने से बचते हुए कहा था कि वह टेनिस से आगे बढ़ रही हैं। सेरेना 23 ग्रैंड स्लैम एकल खिताबों के अलावा 14 ग्रैंड स्लैम युगल खिताब भी जीत चुकी हैं। उन्होंने फरवरी में प्रतिस्पर्धी टेनिस में वापसी के लिए पात्रता हासिल की थी। इसके लिए उन्होंने छह महीने पहले अनिवार्य डोपिंग रोधी कार्यक्रम में दोबारा पंजीकरण कराया था, जो वापसी की दिशा में पहला कदम माना जाता है।

End of Feed