स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। 'कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट' (CAS) ने 'कॉन्फेडरेशन ऑफ अफ्रीकन फुटबॉल' (CAF) के उस फैसले को पलट दिया है, जिसमें मोरक्को को 2025 अफ्रीका कप ऑफ नेशंस (AFCON) का विजेता घोषित किया गया था। फैसला पलटने के साथ ही सेनेगल को फिर से इस टूर्नामेंट का विजेता मान लिया गया है।
सेनेगल फिर से बना AFCON 2025 का विजेता। फोटो- सोशल मीडिया
जनवरी में हुए फाइनल मैच में सेनेगल ने मोरक्को को 1-0 से हराया था। हालांकि, मार्च में CAF की अपील बोर्ड ने फैसला सुनाया कि सेनेगल ने मैच गंवा दिया है, क्योंकि उनके खिलाड़ियों ने एक गोल को अमान्य करार दिए जाने और मोरक्को को पेनल्टी दिए जाने के विरोध में मैदान छोड़ दिया था। इस फैसले के चलते मोरक्को को 3-0 से विजेता घोषित कर दिया गया और उन्हें खिताब दे दिया गया।
सेनेगल की 1-0 से जीत
हालांकि, अब अपने नए फैसले में CAS ने 'सेनेगल फुटबॉल फेडरेशन' (FSF) की अपील को स्वीकार कर लिया और CAF के अनुशासनात्मक बोर्ड (disciplinary board) के फैसले को बहाल कर दिया। इससे फाइनल में सेनेगल की 1-0 से जीत की पुष्टि हो गई है।
मंगलवार को CAS की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, 'कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट (CAS) ने अफ्रीका कप ऑफ नेशंस 2025 (AFCON 2025) के फाइनल को लेकर 'सेनेगल फुटबॉल फेडरेशन' (FSF) की अपील को स्वीकार कर लिया है। यह अपील 'कॉन्फेडरेशन ऑफ अफ्रीकन फुटबॉल' (CAF) और 'रॉयल मोरक्कन फुटबॉल फेडरेशन' (FRMF) के खिलाफ थी। CAF अपील बोर्ड के फैसले को रद्द कर दिया गया है और CAF के अनुशासनात्मक बोर्ड के फैसले को बहाल कर दिया गया है। नतीजतन, AFCON 2025 के फाइनल के अंत में आए परिणाम (सेनेगल की 1-0 से जीत) की पुष्टि हो गई है।'
FRMF ने जताई हैरानी
वहीं, 'रॉयल मोरक्कन फुटबॉल फेडरेशन' ने CAS के इस फैसले पर हैरानी जताई है। उन्होंने सवाल उठाया है कि CAS ने उनके उस अनुरोध को क्यों खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने फैसले से 48 घंटे पहले CAS पैनल के सदस्य उलरिच हास और सेनेगल फुटबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष के बीच हुई कथित बातचीत की जांच करने की मांग की थी।
फेडरेशन ने यह भी कहा कि इस फैसले में रेफरी की अनुमति के बिना खिलाड़ियों के मैदान छोड़ने को लेकर IFAB और FIFA के हालिया दिशानिर्देशों पर विचार नहीं किया गया। फेडरेशन ने दोहराया है कि वे इस फैसले को चुनौती देने के लिए सभी उपलब्ध कानूनी विकल्पों का इस्तेमाल करेंगे।
फाइनल मैच में हुआ था विवाद
गौरतलब है कि इस फाइनल मैच में तब विवाद खड़ा हो गया था, जब सेनेगल के खिलाड़ियों ने मैदान छोड़ दिया था। ऐसा तब हुआ जब एक गोल को अमान्य करार दिया गया और मोरक्को को पेनल्टी दी गई। उनके विरोध के कारण खेल में 15 मिनट से अधिक की देरी हुई। स्काई स्पोर्ट्स के अनुसार, खिलाड़ियों की वापसी के बाद मोरक्को के ब्राहिम डियाज पेनल्टी चूक गए, जिससे मैच अतिरिक्त समय (एक्स्ट्रा टाइम) में चला गया। वहां सेनेगल के लिए पापे गुये ने विजयी गोल किया।
इससे पहले, CAF ने फैसला सुनाया था कि सेनेगल ने AFCON नियमों के अनुच्छेद 82 का उल्लंघन किया है। इस नियम के अनुसार, यदि कोई टीम खेलने से इनकार करती है या रेफरी की अनुमति के बिना निर्धारित समय पूरा होने से पहले मैदान छोड़ देती है, तो उसे मैच में हारा हुआ माना जाएगा और उसे प्रतियोगिता से बाहर कर दिया जाएगा। अनुच्छेद-84 में आगे कहा गया है कि जो भी टीम अनुच्छेद-82 का उल्लंघन करेगी, उसे हमेशा के लिए बाहर कर दिया जाएगा और वह मैच 3-0 से हार जाएगी। इसके बाद सेनेगल ने CAF अपील बोर्ड के फैसले को CAS में चुनौती दी।
