स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एशियन गेम्स के पहले दिन ही भारत के लिए दिल तोड़ने वाली खबर आई। महिला एकल टेकबॉल सेमीफाइनल में भारत की क्विम्सी डिसूजा को शिकस्त मिली। इससे उनका गोल्ड जीतने का सपना टूट गया। उनका मुकाबला इंडोनेशिया की इमा सुमाया से हुआ। सुमाया ने क्विम्सी को 2-1 से मात दी। हालांकि, क्विम्सी डिसूजा के पास अभी ब्रॉन्ज जीतने का मौका है। वह रविवार को ब्रॉन्ज मेडल के मुकाबले में उतरेंगी।
सेमीफाइनल में हारीं क्विम्सी डिसूजा। फाइल फोटो
मैच में डिसूजा ने आक्रामक शुरुआत करते हुए 5-1 की बढ़त बना ली और फिर अपनी बढ़त को 8-2 तक बढ़ा दिया। क्विम्सी डिसूजा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडोनेशिया की इमा सुमाया को 12-7 से हराकर पहला सेट अपने नाम कर लिया। 24 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने संयम बनाए रखते हुए सेट जीता और फाइनल के एक कदम और करीब पहुंच गईं।
दूसरे सेट में सुमाया ने की वापसी
हालांकि, दूसरे सेट में नाटकीय मोड़ आ गया। इमा सुमाया ने पहला सेट हारने के बाद दमदार वापसी की। इंडोनेशियाई खिलाड़ी ने दूसरे सेट में मजबूत शुरुआत करते हुए क्विम्सी डिसूजा पर 2-0 की बढ़त बना ली। डिसूजा ने वापसी करनी चाही लेकिन, सुमाया ने उन्होंने कोई मौका नहीं दिया। अंत में इंडोनेशिया की इमा सुमाया ने संयम बनाए रखते हुए 12-9 से सेट जीत लिया। दोनों खिलाड़ियों के एक-एक सेट जीतने के बाद सेमीफाइनल बेहद रोमांचक हो गया।
आखिरी सेट में टूटा भारत का दिल
पहले दो सेट में रोमांचक मुकाबला होने के बाद तीसरे सेट में फैंस की सांसे थम गईं। निर्णायक सेट में शुरुआती 4-1 की बढ़त लेने के बावजूद, 24 वर्षीय क्विम्सी डिसूजा अपनी लय बरकरार रखने में नाकाम रहीं। इमा सुमाया ने जोरदार वापसी करते हुए तीसरा सेट 12-7 से जीतकर महिला एकल टेकबॉल के फाइनल में अपनी जगह पक्की की। वहीं, डिसूजा अब रविवार को होने वाले कांस्य पदक मुकाबले पर ध्यान केंद्रित करेंगी।
