दुबई: भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू (PV Sindhu) शनिवार को प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन (All England Badminton) टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए लंदन जाते समय दुबई हवाईअड्डे पर फंस गईं। ऐसा मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण उड़ान संचालन निलंबित किए जाने की वजह से हुआ। यह टूर्नामेंट अगले मंगलवार से शुरू होना है। सिंधू ने इंस्टाग्राम पर एक भीड़भाड़ वाले हवाईअड्डे का वीडियो साझा करते हुए लिखा,'सभी उड़ानें अगली सूचना तक निलंबित।'
पीवी सिंधू
अमेरिका-इजराइल के हमले के बाद बंद हुई दुबई एयरपोर्ट
शनिवार को अमेरिका और इजराइल ने ईरान के खिलाफ बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी जनता से 1979 से देश पर राज कर रहे इस्लामिक लीडरशिप को उखाड़ फेंकने की अपील की। इन सैन्य हमलों के कारण खाड़ी क्षेत्र में हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया जिससे कई उड़ानें प्रभावित हुईं जिनमें एमिरेट्स और एयर इंडिया शामिल हैं। दुबई हवाईअड्डे (Dubai International Airport) ने भी मिसाइल हमलों के बाद हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण अनिश्चितकाल के लिए सभी परिचालन निलंबित कर दिए हैं।
कब तक चालू होगी फ्लाइट, नहीं है खबर?
दुबई एयरपोर्ट से फ्लाइट का संचालन दोबार कब शुरू होगा इस बारे में अबतक कोई अपडेट उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में सिंधू के ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन प्रतियोगिता में भाग लेने पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। सिंधू का इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में प्रदर्शन खास नहीं रहा है वो साल 2017 से लगातार इसमें शिरकत कर रही हैं लेकिन एक बार भी फाइनल में नहीं पहुंच सकी है। साल 2018 और 2021 में सेमीफाइनल में पहुंची थीं। सिंधू पिछले कुछ समय से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी हैं और लगातार संघर्ष कर रही हैं। ऐसे में ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन टूर्नामेंट में शिरकत नहीं कर पाना उनके लिए निराशा की बात होगी।
