स्पोर्ट्स

Paris Olympics 2024: भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी ने बताया- सेमीफाइनल में जर्मनी से हार के बाद क्या हुआ

Paris Olympics 2024, Hockey: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक 2024 में ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया। टीम का ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन जारी था, लेकिन सेमीफाइनल मुकाबले में जर्मनी से हार का सामना करना पड़ा। टीम के खिलाड़ी विकेक सागर प्रसाद ने बताया कि इस हार के बाद क्या हुआ था।

Image

ब्रॉन्ज मेडल के साथ भारतीय पुरुष हॉकी टीम के खिलाड़ी। (फोटो- Hockey India X)

Photo : Twitter

Paris Olympics 2024, Hockey: हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर प्रसाद ने रविवार को कहा कि सेमीफाइनल में भारत को विश्व चैंपियन जर्मनी से 2-3 से हार का सामना करने के बाद वह पूरी रात सो नहीं सके थे लेकिन देश इस निराशा से उबरते हुए पेरिस ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीतने में सफल रहा। भारत 44 साल बाद अपने पहले ओलंपिक फाइनल में जगह बनाने के बेहद करीब पहुंच गया था, लेकिन विश्व चैंपियन जर्मनी ने कड़े सेमीफाइनल में 3-2 से जीत दर्ज करके उसे रोक दिया।

भारत ने हालांकि जल्द ही इस झटके से उबरते हुए गुरुवार को तीसरे स्थान के प्लेऑफ मैच में स्पेन को 2-1 से हराकर ओलंपिक खेलों में अपना लगातार दूसरा कांस्य पदक जीता। पेरिस से पहले टोक्यो ओलंपिक में भी कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे विवेक ने कहा, ‘सेमीफाइनल में हार के बाद मैं सारी रात सो नहीं सका था। पूरी रात वह मैच मेरे दिमाग में रील की तरह घूमता रहा। हमारा दिल टूट गया और हम सोचते रहे कि हम क्या बेहतर कर सकते थे। हमने इस निराशा को पीछे छोड़ा और कांस्य जीता जो हमारे हाथ में था।’

पेरिस से यहां पहुंचने पर 24 साल के इस खिलाड़ी ने पत्रकारों से कहा, ‘कांस्य पदक जीतना हमारे लिए अत्यधिक खुशी का क्षण था। हमने इसका भरपूर आनंद उठाया। हमने पदक (पीआर) श्रीजेश भाई को समर्पित किया, क्योंकि यह उनका आखिरी टूर्नामेंट था।’ नर्मदापुरम (पूर्व में होशंगाबाद) जिले के रहने वाले विवेक मध्य प्रदेश पुलिस में उप अधीक्षक पद पर तैनात है। यहां पहुंचने पर हवाई अड्डे पर मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया।

हवाई अड्डे पर बड़ी संख्या में प्रशंसक और मध्य प्रदेश पुलिस के उनके साथी भी पहुंचे थे जिन्होंने ढोल-नगाड़े बजाकर उनका स्वागत किया। मध्यप्रदेश सरकार ने उन्हें कांस्य पदक जीतने पर एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article