स्पोर्ट्स

Paris Olympics 2024 Final Medal Tally: अमेरिका ने बरकरार रखी पेरिस में अपनी बादशाहत, आखिरी बाजी जीतकर पदक तालिका में चीन का पछाड़ा

अमेरिका पेरिस ओलंपिक खेलों में आखिरी बाजी जीतकर अपनी बादशाहत बरकरार रखने में सफल रहा। अमेरिका और चीन दोनों ने 40-40 गोल्ड मेडल अपने नाम किए बावजूद इसके चीन को दूसरे पायदान से संतोष करना पड़ा।

Image

पेरिस ओलंपिक में अमेरिकी फैन

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • पेरिस ओलंपिक में अमेरिका रहा पहले स्थान पर
  • 40 गोल्ड सहित जीते कुल 126 मेडल
  • चीन 40 गोल्ड सहित कुल 91 मेडल के साथ रहा दूसरा पायदान पर

पेरिस: फ्रांस की राजधानी पेरिस में आयोजित 33वें ओलंपिक खेलों की स्पर्धाओं का रविवार को महिलाओं की बास्केटबॉस स्पर्धा के फाइनल मुकाबले के साथ हो गया। अमेरिकी टीम ने मेजबान फ्रांस को फाइनल मुकाबले में 67-66 से मात देकर 40वां गोल्ड मेडल जीता और इसके साथ ही चीन को पछाड़कर पदक तालिका में पहले पायदान पर रहते हुए पेरिस ओलंपिक का अंत किया।

अमेरिका ने जीते 126 मेडल, चीन के खाते में आए 91

अमेरिका ने पेरिस ओलंपिक में 40 गोल्ड, 44 सिल्वर और 42 कांस्य पदक सहित कुल 126 मेडल अपने नाम किए। वहीं दूसरे पायदान पर रहे चीन के खाते में 40 गोल्ड सहित कुल 91 मेडल आए। चीन और अमेरिका दोनों ने 40-40 गोल्ड मेडल अपने नाम किए लेकिन चीन 27 सिल्वर और 24 कांस्य पदक अपने नाम कर सका। इसी वजह से 40 गोल्ड जीतने के बावजूद उसे दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।

तीसरे पायदान पर रहा जापान

पदक तालिका में तीसरे पायदान पर जापान रहा। जापान ने 20 गोल्ड, 12 सिल्वर और 13 कांस्य पदक सहित कुल 45 मेडल अपने नाम किए। वहीं चौथे पायदान पर 18 गोल्ड, 19 सिल्वर और 16 कांस्य पदक के साथ ऑस्ट्रेलिया रहा। मेजबान फ्रांस 16 गोल्ड, 19 सिल्वर और 16 कांस्य पदक सहित कुल 53 पदक जीत सका और पदक तालिका में पांचवें पायदान पर रहा।

71वें स्थान पर रहा भारत

भारत पेरिस ओलंपिक में एक सिल्वर और 5 कांस्य पदक के साथ पदक तालिका में 71वें पायदान पर रहा। भारत ने शूटिंग में तीन, एथलेटिक्स में एक, कुश्ती में एक और हॉकी में एक पदक अपने नाम किया। पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान जैवलिन थ्रो में अरशद नदीम के एक गोल्ड मेडल की बदौलत अंक तालिका में 62वें पायदान पर रहा। टोक्यो ओलंपिक में भारत एक गोल्ड, दो सिल्वर और चार कांस्य पदक सहित कुल 7 पदक जीतने में सफल रहा था और पदक तालिका में 48वें स्थान पर रहा था। टोक्यो की तुलना में भारत को 23 स्थान का नुकसान पदक तालिका में हुआ है।

टोक्यो में भी अमेरिका रहा था टॉप पर

टोक्यो ओलंपिक में पहले पायदान पर रहे अमेरिका ने 39 गोल्ड, 41 सिल्वर और 33 ब्रॉन्ज सहित कुल 113 मेडल अपने नाम किए थे। वहीं चीन 38 गोल्ड, 32 सिल्वर और 19 कांस्य सहित कुल 89 पदक जीतकर दूसरे स्थान पर रहा था। दोनो ने पेरिस में टोक्यो से बेहतर प्रदर्शन किया और अपने मेडल्स की संख्या में इजाफा किया। चीन अमेरिका को पटखनी देने से बाल-बाल चूक गया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article