Paris Olympics 2024: भारतीय निशानेबाज शनिवार को ओलंपिक खेलों के 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम क्वालीफिकेशन चरण में बाहर हो गए।भारत की दो जोड़ियां इस स्पर्धा में भाग ले रही थी। रमिता और अर्जुन बाबूता 628.7 के कुल स्कोर के साथ छठे, जबकि इलावेनिल वलारिवन और संदीप सिंह 626.3 के कुल स्कोर के साथ 12वें स्थान पर रहे।
भारतीय शूटर्स (फोटो- AP)
रमिता और अर्जुन की जोड़ी ने एक समय उम्मीद बनाई थी। यह भारतीय जोड़ी तीन शॉट शेष रहते पांचवें स्थान पर थी, लेकिन आखिर में पदक राउंड के कट ऑफ से 1.0 अंक पीछे रह गई।अर्जुन ने दूसरी सीरीज में शानदार शुरुआत की और 10.5, 10.6, 10.5, 10.9 का स्कोर बनाया। रमिता ने दूसरी सीरीज में 10.2, 10.7, 10.3, 10.1 का स्कोर बनाया।
इससे यह जोड़ी शीर्षक आठ में तो पहुंच गई लेकिन पदक राउंड में जगह बनाने के लिए यह स्कोर पर्याप्त नहीं था। पदक राउंड में पहुंचने के लिए शीर्ष चार में जगह बनाना जरूरी था।चीन, कोरिया और कजाकिस्तान की टीम क्वालीफिकेशन दौर में पहले तीन स्थानों पर रही।
रोइंग में मिली सफलता
पेरिस ओलंपिक में हिस्सा ले रहे भारत के एकमात्र नौकायन (रोइंग) खिलाड़ी बलराज पंवार शनिवार को यहां पुरुष एकल स्कल स्पर्धा की पहली हीट (शुरुआती रेस) में चौथे स्थान पर रहे और अब रेपेचेज में हिस्सा लेंगे।पच्चीस साल के बलराज ने सात मिनट 7.11 सेकेंड का समय लिया। वह न्यूजीलैंड के थॉमस मैकिनटोश (छह मिनट 55.92 सेकेंड), स्टीफानोस एनतोस्कोस (सात मिनट 1.79 सेकेंड) और अब्देलखालेक एलबाना (सात मिनट 5.06 सेकेंड) से पीछे रहे।
(भाषा इनपुट्स के साथ)
