स्पोर्ट्स

Paris Olympics 2024 Closing Ceremony: लॉस एंजिल्स में 2028 में मिलने के वादे के साथ पेरिस ओलंपिक का रंगारंग समारोह के साथ हुआ समापन

साल 2028 में अमेरिका के लॉस एंजिल्स में दोबारा मिलने के वादे के साथ पेरिस ओलंपिक का स्टेड डी फ्रांस स्टेडियम में रंगारंग समारोह के साथ समापन हो गया। 16 दिन तक चले खेलों के इस महाकुंभ में खिलाड़ियों ने सफलता के नए इतिहास रचे।

Image

पेरिस ओलंपिक के समापन समारोह में भारतीय तिरंगा थामे मनु भाकर और पीआर श्रीजेश

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • पेरिस ओलंपिक का हुआ रंगारंगा समापन
  • साल 2028 में लॉस एंजिल्स में होगी मुलाकात
  • 32 साल बाद अमेरिका में होगा ओलंपिक खेलों का आयोजन

पेरिस: फ्रांस की राजधानी में आयोजित 33वें ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेलों का समापन रविवार को रंगारंग समारोह के साथ समापन हो गया। 16 दिन तक चले खेलों के महाकुंभ में 206 देशों ने 32 खेलों में 329 स्वर्ण पदकों के लिए चुनौती पेश की। अंत में अमेरिका 40 स्वर्ण, 44 रजत और 42 कांस्य पदक के साथ पहले पायदान पर रहा। अमेरिका ने 126 पदकों के साथ अपनी बादशाहत पेरिस ओलंपिक में बरकरार रखी। वहीं चीन को 40 गोल्ड मेडल जीतने के बावजूद दूसरे पायदान से संतोष करना पड़ा। चीन ने 40 गोल्ड, 27 सिल्वर और 24 ब्रॉन्ज मेडल सहित कुल 91 मेडल जीते। वहीं जापान 20 गोल्ड, 12 सिल्वर और 13 ब्रॉन्ज मेडल के साथ पदक तालिका में तीसरे पायदान पर रहा।

मनु भाकर और श्रीजेश ने थामा तिरंगा

पेरिस ओलंपिक में दुनियाभर के 10,500 एथलीट्स चुनौती पेश करने उतरे थे जिसमें भारत के 117 खिलाड़ी शामिल हुए और 1 रजत और 5 कांस्य पदक जीतकर पदक तालिका में 71वें स्थान पर रहा। समापन समारोह में भारतीय तिरंगा मनुभाकर और हॉकी के गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने थामा। मनु भाकर पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य पदक अपने नाम किए और एक ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनीं। वहीं श्रीजेश ने लगातार दूसरी बार ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर खेल को अलविदा कह दिया। समापन समारोह में फ्लैग बियरर के रूप में नीरज चोपड़ा का चुना गया था लेकिन उन्होंने श्रीजेश का नाम आगे कर दिया।

लियोन मैरचेंड पहुंचे स्टेडियम में लेकर ओलंपिक मशाल

पेरिस के स्टेड डी फ्रांस स्टेडियम में आयोजित समापन समारोह में हजारों दर्शक मौजूद थे। समारोह की शुरुआत ओलंपिक मशाल के स्टेडियम में प्रवेश के साथ हुई। पेरिस में सबसे ज्यादा गोल्ड मेडल जीतने वाले फ्रांस के तैराक लियोन मैरचेंड ओलंपिक मशाल को लेकर स्टेडियम में पहुंचे। समारोह में स्टेडियम में ओलंपिक रिंग की स्थापना ओलंपिक खेलों की शुरुआत को लेकर विशेष कार्यक्रम प्रस्तुत किया किया जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके अलावा कई जाने माने कलाकारों ने अपने बैंड की प्रस्तुति दी।

तीसरी बार ओलंपिक खेलों की मेजबानी करेगा लॉस एंजिल्स

कार्यक्रम के अंत में पेरिस की मेयर ने लॉस एजिंल्स की मेयर के हाथों में ओलंपिक फ्लैग सौंपा। लॉस एंजिल्स लंदन और पेरिस के बाद दुनिया का तीसरा शहर बन जाएगा जिसने तीन बार ओलंपिक खेलों की मेजबानी की है। लॉस एंजिल्स में 1932 और 1984 में ओलंपिक खेलों का आयोजन हो चुका है। 44 साल बाद लॉस एंजिल्स में और 32 साल बाद अमेरिका में ओलंपिक खेलों की वापसी होगी। अमेरिका मशहूर अभिनेता टॉम क्रूज भी फ्लैग हैंडओवर सेरेमनी के दौरान मौजूद थे वो आसमान से छलांग लगाकर स्टेडियम में पहुंचे और बाइक पर फ्लैग को लेकर प्लेन तक पहुंचे जहां से फ्लैग सीधे लॉस एंजिल्स पहुंचा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article