भारत के दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा एशियन गेम्स से बाहर हो गए हैं। उन्होंने खुद इस दुख खबर की पुष्टि की। उन्होंने खुद इस दुख खबर की पुष्टि की। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी।
चोट के चलते नीरज चोपड़ा एशियन गेम्स से बाहर। फाइल फोटो
भारत के दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने शनिवार को घोषणा की कि अभ्यास के दौरान उनके टखने के लिगामेंट में चोट लग गई है, जिसके कारण वह आगामी एशियाई खेलों में नहीं खेल पाएंगे। चोपड़ा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि लुसाने डायमंड लीग में सत्र का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करने के कुछ ही समय बाद उन्हें चोट लगी।
चोपड़ा ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
चोपड़ा ने कहा, 'कड़ी मेहनत के बाद मुझे लग रहा था कि मैं आखिरकार अच्छी लय हासिल कर रहा हूं, जिसकी मुझे तलाश थी और लुसाने में मैंने सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। दुर्भाग्य से कुछ समय बाद ही अभ्यास के दौरान मेरे टखने के लिगामेंट में चोट लग गई। अपने डॉक्टर और टीम से सलाह मशविरा करने के बाद हमने फैसला किया है कि मैं इस सत्र में आगे नहीं खेल पाऊंगा। यह निराशाजनक है, खासकर इसलिए क्योंकि मुझे लग रहा था कि मैं अपनी लय पाने के करीब था। लेकिन जैसा कि कहते हैं, उतार-चढ़ाव तो जीवन का हिस्सा होते हैं।’
डायमंड लीग का फाइनल भी करेंगे मिस
चोपड़ा ने कहा, ’अब मेरा ध्यान पूरी तरह से फिट होने और पहले से भी अधिक मजबूत होकर वापसी करने पर है।' चोपड़ा के इस सत्र से हटने का मतलब यह भी है कि वह डायमंड लीग फाइनल में भी नहीं खेल पाएंगे, जिसके लिए उन्होंने क्वालीफाई कर लिया था।
बता दें कि जेवलिन थ्रो में भारत के शीर्ष एथलीट नीरज चोपड़ा ने प्रतिष्ठित एक दिवसीय प्रतियोगिता की सीरीज के केवल दो टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के बावजूद 5 सितंबर को ब्रसेल्स में होने वाले डायमंड लीग फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। चोपड़ा ने 19 जून को दोहा और 21 अगस्त को लुसाने में हुई डायमंड लीग में क्रमशः दूसरा स्थान हासिल करके 12 अंक जुटाए। इसके साथ वह अंक तालिका में छठे स्थान पर रहे और ब्रसेल्स में होने वाले फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में सफल रहे जिसमें विजेता सीधा चैंपियन बनता है।
