Neeraj Chopra vs Julian Weber: जानुस कुसोसिन्स्की मेमोरियल प्रतियोगिता में भी जूलियन वेबर ने मारी बाजी, दूसरे स्थान पर रहे नीरज चोपड़ा

दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा शुक्रवार को ओरलेन जानुस कुसोसिन्स्की मेमोरियल प्रतियोगिता में जर्मनी के जूलियन वेबर के बाद दूसरे स्थान पर रहे। दोहा डायमंड लीग के प्रदर्शन को नीरज नहीं दोहरा सके।

चोरजोव (पोलैंड): स्टार भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा शुक्रवार को यहां ओरलेन जानुस कुसोसिन्स्की मेमोरियल प्रतियोगिता की पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में शुक्रवार को यहां 85 मीटर की दूरी हासिल करने में विफल रहने के बावजूद दूसरे स्थान पर रहे। चोपड़ा इस स्पर्धा में अपनी सर्वश्रेष्ठ लय में नहीं दिखे। उन्होंने अपने आखिरी प्रयास में 84.14 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया। वह इस थ्रो से पहले तीसरे स्थान पर थे। यह भुवनेश्वर में 2024 में हुए फेडरेशन कप के बाद दूसरा मौका है जब चोपड़ा किसी स्पर्धा में 85 मीटर की दूरी हासिल करने में विफल रहे। उन्होंने फेडरेशन कप में 82.27 मीटर की दूरी के साथ स्वर्ण पदक जीता था।

Neeraj Chopra

नीरज चोपड़ा

इससे पहले 16 मई को दोहा डायमंड लीग में चोपड़ा को पछाड़ने वाले जर्मनी के जूलियन वेबर ने एक बार फिर शीर्ष स्थान हासिल किया। उन्होंने दूसरे थ्रो में 86.12 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ एक बार फिर चोपड़ा को दूसरे स्थान पर धकेल दिया। इन दोनों खिलाड़ियों ने दोहा में 90 मीटर से अधिक दूरी तक भाले को फेंका था। दो बार के विश्व चैंपियन ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स 83.24 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वह दोहा में भी तीसरे स्थान पर रहे थे। दोहा की तरह इन तीनों खिलाड़ियों ने यहां भी शीर्ष तीन स्थान हासिल किये। केवल अंतर यह था कि तीनों ही दिन की शुरुआत में सिलेसियन स्टेडियम में बारिश के बाद बादल छाए रहने की मुश्किल परिस्थिति में अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं दिखे।

End of Feed