पेरिस: चार बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन नाओमी ओसाका ने शनिवार को अपने करियर में पहली बार फ्रेंच ओपन के चौथे दौर में जगह बनाई। जापान की खिलाड़ी ओसाका ने शनिवार को अपने 100वें ग्रैंड स्लैम मैच में लगभग तीन घंटे चले मुकाबले में 18 साल की अमेरिकी प्रतिद्वंद्वी इवा जोविक को 7-6 (5), 6-7 (3), 6-4 से हरा दिया। एक बार फिर ओसाका ने कोर्ट पर आते समय अपनी सुनहरी, चमकीली ड्रेस के ऊपर एक मेटैलिक गोल्ड बॉम्बर जैकेट पहनी थी।
नाओमी ओसाका
सबालेंका और डारिया के बीच विजेता से होगी भिड़ंत
टूर्नामेंट के लगातार सातवें दिन भी मौसम गर्म और उमस भरा रहा। तापमान 34 डिग्री सेल्सियस (93 फारेनहाइट) तक पहुंचने का अनुमान था। रविवार और दूसरे हफ्ते में गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। ओसाका के राउंड 16 प्रतिद्वंद्वी का फैसला शीर्ष रैंकिंग खिलाड़ी आर्यना सबालेंका और डारिया कसात्किना के बीच में होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा। मौजूदा चैंपियन कोको गॉफ का मुकाबला 28वीं वरीयता प्राप्त अनास्तासिया पोटापोवा से चल रहा है। रूस की डायना श्नाइडर ने यूक्रेन की ओलेक्जेंड्रा ओलिनिकोवा को 7-5, 6-1 से हराया।
ऐसा रहा अन्य मुकाबलों का हाल
पुरुषों के मुकाबले में फेलिक्स ऑगर-एलियासिमे का सामना अमेरिका के प्रतिद्वंद्वी ब्रैंडन नाकाशिमा से होगा। दो दिन पहले यानिक सिनर की उलटफेर भरी हार के बाद चौथी वरीयता प्राप्त ऑगर-एलियासिमे ड्रॉ में सबसे ऊंची वरीयता वाले खिलाड़ी हैं। इसके अलावा 17 वर्षीय फ्रांस की खिलाड़ी मोइस कौमे का मुकाबला एलेजांद्रो टैबिलो से होगा। वह 1973 में 16 वर्षीय ब्योर्न बोर्ग के बाद, रोलां गैरां में चौथे दौर तक पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के पुरुष खिलाड़ी बनने का प्रयास करेंगे। फ्लेवियो कोबोली ने लर्नर टिएन को 6-2, 6-2, 6-3 से हराया और अब उनका मुकाबला जैकेरी स्वाजडा से होगा जिन्होंने फ्रांसिस्को सेरुंडोलो को 6-3, 6-4, 3-6, 4-6, 6-3 से शिकस्त दी थी।
(भाषा)
