FIFA World Cup 2026, Morocco Beat Netherlands: इस्माइल सैबारी ने पेनल्टी शूटआउट में निर्णायक गोल किया जिससे मोरक्को ने नीदरलैंड को को 3-2 से हराकर अंतिम 16 में अपनी जगह पक्की की। इससे पहले निर्धारित और अतिरिक्त समय तक दोनों टीम 1-1 से बराबरी पर थी।
मोरक्को ने नीदरलैंड को हराकर फुटबॉल वर्ल्ड कप से किया बाहर
पेनल्टी शूटआउट में भी चार राउंड के बाद स्कोर 2-2 से बराबर था। मोरक्को के गोलकीपर यासीन बोनू ने क्रिसेंसियो समरविले के शॉट को अपने बाएं हाथ से रोक दिया। इसके बाद सैबारी ने गोलकीपर बार्ट वर्ब्रुगेन के दूसरी ओर गोता लगाने पर निचले बाएं कोने में विजयी गोल दाग दिया।
नीदरलैंड पिछले 11 विश्व कप में कम से कम अंतिम 16 तक जरूर पहुंचा था। इसमें चार साल पहले क्वार्टर फाइनल में पहुंचना भी शामिल है। मोरक्को तब सेमीफाइनल में पहुंचा था।
नीदरलैंड के लिए कोडी गाकपो ने 72वें मिनट में गोल किया। समरविले की मदद से किए गए इस गोल के बाद नीदरलैंड के बेंच पर बैठे खिलाड़ी भी मैदान पर दौड़ पड़े और उन्होंने 27 वर्षीय गाकपो को गले लगा लिया, जो फूट-फूटकर रोने लगे। गाकपो और उनकी महिला मित्र नोआ वैन डेर बिज ने हाल ही में अपने अजन्मे बच्चे के गर्भ में ही मौत हो जाने की खबर दी थी।
मोरक्को के इस्सा डियोप ने दूसरे हाफ के इंजरी टाइम (91वें मिनट) में चेम्सदीन तालबी के लंबे क्रॉस पर हेडर से गोल करके स्कोर बराबर कर दिया।एस्टाडियो बीबीवीए स्टेडियम में खेले गए 30 मिनट के अतिरिक्त समय में दोनों टीम में से किसी को भी गोल करने का कोई खास अवसर नहीं मिला।
यह टूर्नामेंट का दूसरा मैच था जिसका फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। इससे पहले पराग्वे ने जर्मनी को पेनल्टी शूटआउट में हराया था। यह राउंड ऑफ 32 में दो सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग वाली टीमों के बीच मुकाबला था। मोरक्को विश्व रैंकिंग में छठे और नीदरलैंड सातवें स्थान पर है।
