स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के कप्तान रजत पाटीदार के तूफानी शतक की बदौलत मध्य प्रदेश ने सोमवार को सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के ग्रुप-सी मुकाबले में असम को 131 रन से करारी शिकस्त दी। रजत पाटीदार ने 48 गेंद पर नाबाद 135 रन की तूफानी पारी खेली। अपनी पारी के दौरान एक रिकॉर्ड बना दिया।
रजत पाटीदार ने जड़ा शतक। फोटो- सोशल मीडिया
चोटों से उबरने के लिए 'एसीसी राइजिंग स्टार्स एशिया कप' की भारतीय टीम से हटने वाले रजत पाटीदार ने अपनी पारी में 13 छक्के और 8 चौके जड़े।मध्य प्रदेश के कप्तान ने सिर्फ 41 गेंद में अपना शतक पूरा किया। वह टूर्नामेंट के इतिहास में शतक बनाने वाले मध्य प्रदेश के पहले बल्लेबाज बने। साथ ही सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी की एक पारी में उनके 13 छक्के राज्य के लिए एक नया रिकॉर्ड भी थे।
असम के गेंदबाजों की ली खबर
उनकी इस पारी से मध्य प्रदेश को छह विकेट पर 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में असम की टीम 17.4 ओवर में 119 रन पर आउट हो गई। आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दो खिताब दिलाने वाले पाटीदार पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे और असम के गेंदबाजों की जमकर खबर ली।
लक्ष्य का बचाव करते हुए बायें हाथ के स्पिनर कुमार कार्तिकेय ने 17 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि आवेश खान और रवि बाथम ने दो-दो विकेट हासिल कर असम को सस्ते में समेट दिया।
हिमाचल ने आंध्र प्रदेश को हराया
मोहाली में खेले गए एक अन्य मुकाबले में हिमाचल प्रदेश ने रोमांचक मुकाबले में आंध्र प्रदेश को आठ रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हिमाचल प्रदेश ने 9 विकेट पर 158 रन बनाए। इसके बाद आंध्र प्रदेश ने अंतिम ओवरों में वापसी की कोशिश की, लेकिन हिमाचल के गेंदबाजों ने करीबी मुकाबले में जीत सुनिश्चित कर दी।
पुडुचेरी ने त्रिपुरा को शिकस्त दी
पुडुचेरी ने भानु आनंद (59) और अमन खान (69) के अर्धशतकों की मदद से त्रिपुरा को 40 रन से करारी शिकस्त दी। त्रिपुरा के अनुभवी गेंदबाज मणिशंकर मुरासिंह ने चार ओवर में 33 रन देकर छह विकेट झटके, लेकिन उनका यह शानदार प्रदर्शन टीम को हार से नहीं बचा सका।
