All England Open Badminton Championship: विक्टर लाई को हराकर ऑल इंग्लैंड ओपन के फाइनल में पहुंचे लक्ष्य सेन, इतिहास रचने से एक कदम दूर

भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने कनाडा के विक्टर लाई को हराकर ऑल इंग्लैंड ओपन के पुरुष एकल फाइनल में एंट्री कर ली है। वो बैडमिंटन का ये प्रतिष्ठित खिताब जीतने वाले तीसरे भारतीय बनकर इतिहास रचने से एक कदम की दूरी पर हैं।

बर्मिंघम: भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने पैर में दर्दनाक छाले और मांसपेशियों में खिंचाव से जूझते हुए शनिवार को यहां कनाडा के विक्टर लाई को हराकर ऑल इंग्लैंड ओपन के पुरुष एकल फाइनल में जगह बनाई। अब वह इस बड़े खिताब के लिए भारत का 25 साल का इंतजार खत्म करने से महज एक जीत दूर हैं। यह मैच लक्ष्य के करियर के सबसे अच्छे मुकाबलों में से एक साबित हुआ। उन्होंने एक घंटे 37 मिनट तक चले संघर्ष में 21 साल के लाई पर 21-16, 18-21, 21-15 से जीत हासिल की जिन्होंने पिछले साल पेरिस में विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था।

Lakshya sen

लक्ष्य सेन बनाम विक्टर लाई (फोटो क्रेडिट BAI Media)

लक्ष्य 2022 चरण में उप विजेता रहे थे जिससे यह उनका दूसरा ऑल इंग्लैंड फाइनल होगा। अल्मोड़ा के 24 साल के खिलाड़ी का सामना अब रविवार को फाइनल में दुनिया के 11वें नंबर के खिलाड़ी चीनी ताइपे के लिन चुन-यी से होगा। वह इसमें जीत से इतिहास रचना चाहेंगे। भारत के लिए प्रकाश पादुकोण (1980) और पुलेला गोपीचंद (2001) ही ऐसे खिलाड़ी हैं जो ऑल इंग्लैंड खिताब जीत पाए हैं। उनके अलावा सिर्फ प्रकाश नाथ (1947) और साइना नेहवाल (2015) ही उप विजेता बनकर इसके करीब पहुंचे थे।

End of Feed