पेरिस: किलियन एमबापे के लिए उनका 25वां जन्मदिन यादगार बन गया। फ्रांस के इस स्टार फुटबॉलर ने पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) की तरफ से फांसीसी फुटबॉल लीग में दो गोल करके अपनी टीम को मेट्ज पर 3-1 से जीत दिलाई। यही नहीं उनके छोटे भाई 16 वर्षीय एथन एमबापे ने इस मैच से लीग वन में पदार्पण किया। वह बुधवार को खेले गए मैच में इंजरी टाइम में रिप्लेसमेंट प्लेयर के रूप में मैदान पर उतरे, जो काइलियन एमबापे के लिए जन्मदिन पर बोनस जैसा था।
किलियन एमबापे
सीजन में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी
किलियन एमबापे के लीग में अब 18 गोल हो गए हैं और वह गोल करने वाले खिलाड़ियों में शीर्ष पर काबिज हैं। उन्होंने इस सत्र में सभी प्रतियोगिताओं में कुल मिलाकर 21 गोल किए हैं। मोनाको से 2017 में पीएसजी से जुड़ने के बाद वह इस क्लब की तरफ से 282 मैच में 233 गोल कर चुके हैं।
मौजूदा सत्र के बाद खत्म हो जाएगा एमबापे का अनुबंध
किलियन एमबापे का इस सत्र के बाद पीएसजी के साथ अनुबंध समाप्त हो जाएगा और उन्होंने अभी तक ऐसे कोई संकेत नहीं दिए हैं कि वह अनुबंध आगे बढ़ाएंगे या किसी अन्य क्लब से जुड़ेंगे।
