Asian Games 2026 Shooting: ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली स्टार निशानेबाज मनु भाकर की अगुवाई में भारतीय शूटिंग टीम रविवार से एशियाई खेलों में अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इस बार भारत का 30 सदस्यीय दल जापान में चुनौती पेश करेगा और सभी को पिछले हांगझोऊ एशियाई खेलों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। पिछले एशियाई खेलों में भारत ने 7 गोल्ड समेत रिकॉर्ड 22 पदक जीते थे। सबकी निगाहें मनु भाकर पर होंगी। पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य जीतने के बाद वह एशियाई खेलों में अपना पहला व्यक्तिगत गोल्ड जीतने उतरेंगी। वह तीसरी बार एशियाई खेलों में हिस्सा ले रही हैं।
मनु भाकर (फोटो साभार- bhakermanu)
तीन इवेंट में हिस्सा लेंगी मनु भाकर
मनु भाकर ने साल 2018 में जसपाल राणा की कोचिंग में डेब्यू किया था, लेकिन इस साल राणा के निधन के बाद यह उनके लिए भावनात्मक वापसी होगी। मनु 10 मीटर एयर पिस्टल, 25 मीटर पिस्टल और मिक्स्ड टीम इवेंट में हिस्सा लेंगी। उनके साथ ईशा सिंह और सुरुचि इंदर सिंह भी 10 मीटर एयर पिस्टल में होंगी, जबकि 25 मीटर में अनुभवी राही सरनोबत भी टीम में हैं, जिन्होंने 2018 में गोल्ड जीता था। शूटिंग की शुरुआत महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल से होगी, जहां एलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदरसा के विनोद चुनौती देंगी। पुरुषों में ओलंपियन ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, विश्व चैंपियन रुद्रांक्ष पाटिल और नीरज कुमार 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में उतरेंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- एशियन गेम्स 2026: भारत की ध्वजवाहक बनने पर क्या बोलीं मनु भाकर, तीन इवेंट में लेंगी हिस्सा
अनीश भानवाला के काफी उम्मीदें
25 मीटर रैपिड फायर में अनीश भानवाला से काफी उम्मीदें हैं, जिन्होंने पिछले साल काहिरा वर्ल्ड चैंपियनशिप और वर्ल्ड कप फाइनल में सिल्वर जीता था। पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल में इस बार नई तिकड़ी केदार्लिंग उचागनवे, कमलजीत और आकाश भारद्वाज पर दारोमदार होगा। जूनियर वर्ल्ड चैंपियन कमलजीत पर सबकी नजर रहेगी। शॉटगन में नीरू ढांडा इतिहास रचने के बाद उतरेंगी। वह ट्रैप में वर्ल्ड कप गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी हैं। स्कीट में ओलंपियन मैराज अहमद खान और एशियाई चैंपियन अनंतजीत सिंह नारुका से भी पदक की उम्मीद है। चीन की मजबूत टीम के सामने भारतीय निशानेबाजों की कड़ी परीक्षा होगी।
