शुक्रवार को एशियाई खेलों में भारत की कमलजीत और सुरुचि सिंह की जोड़ी 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट के फाइनल में पहुंची और उम्मीदें बढ़ा दीं। कमलजीत और सुरुचि की जोड़ी 587-29x के स्कोर के साथ चार्ट में सबसे ऊपर रही, जो वर्ल्ड रिकॉर्ड (जो अभी चीन के नाम है) से सिर्फ चार अंक कम है। भारतीय जोड़ी ने 196, 195 और 196 की तीन शानदार सीरीज खेलीं, जिससे उन्हें फ़ाइनल में जगह मिली। इसके बाद फाइनल में भारत ने एक-एक करके सभी टीमों को बाहर किया, अंत में भारत-कोरिया की टक्कर हुई और भारतीय जोड़ी ने एशियाई रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल पर कब्जा जमा लिया। ये है मुकाबले का पूरा हाल..
भारत को मिला दूसरा गोल्ड, 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में सुरुचि-कमलजीत का कमाल (X/SAIMedia)
फाइनल की पहली सीरीज
फाइनल में पहली सीरीज के बाद सुरुचि और कमलजीत की भारतीय जोड़ी ने 103 स्कोर किया। जिससे वे कोरिया रिपब्लिक (98.1 अंक) और इंडोनेशिया (95.2 अंक) से आगे रहे।
फाइनल की दूसरी सीरीज
इसके बाद फाइनल की दूसरी सीरीज में एक बार फिर भारतीय जोड़ी शानदार रही लेकिन कोरिया ने भी बराबरी की। कोरिया ने इस सीरीज में 103.1 स्कोर किया। भारत ने इस सीरीज में 99.4 स्कोर किया जिसके साथ ही भारत का टोटल स्कोर 202.4 हो गया। लेकिन फिर भी भारत शीर्ष पर रहा। दूसरे नंबर पर कोरिया (201.2 अंक), तीसरे नंबर पर ईरान (196.9 अंक) और चौथे नंबर पर इंडोनेशिया (196 अंक)।
फाइनल की तीसरी सीरीज
सुरुचि-कमलजीत को भारतीय जोड़ी ने तीसरी सीरीज में 101.1 का स्कोर किया और अपना टोटल स्कोर 303.5 तक पहुंचा दिया। कोरिया के लिए ये सीरीज खराब रही और वे 99 स्कोर ही कर सके जिससे उनका टोटल स्कोर 300.2 रहा। ईरान का टोटल स्कोर 295 और इंडोनेशिया का 291 रहा।
एलिमिनेशन स्टेज- पहली सीरीज
तीन शुरुआती सीरीज के बाद एलिमिनेशन दौर का आगाज हुआ। इसकी पहली सीरीज में भारत की तरफ से 61.2 स्कोर आया जिससे उनका टोटल 364.7 हो गया। कोरिया का यहां टोटल स्कोर 358.9 और तीसरे नंबर पर ईरान 355.8 स्कोर के साथ रहा। इंडोनेशिया 349.4 के स्कोर के बाद रेस से बाहर हो गया।
एलिमिनेशन स्टेज- दूसरी सीरीज
एलिमिनेशन स्टेज की दूसरी सीरीज में भारत की सुरुचि ने 10.7 और कमलजीत ने 9.3 स्कोर किया। कोरिया का प्रदर्शन खास नहीं रहा और यहां उनका कुल स्कोर 18.7 रहा। ईरान ने 20.3 स्कोर किया लेकिन फिर भी कोरिया के टोटल स्कोर से पीछे रहा। ईरान तीसरे नंबर पर रहा और 415.8 अंकों के साथ कांस्य पदक पर कब्जा किया।
अब फाइनल सीरीज, भारत बनाम कोरिया
इसके बाद बारी आई गोल्ड मेडल के लिए फाइनल सीरीज की। भारत की सुरुचि ने 9.7 और कमलजीत ने 10.0 स्कोर किया। दो शॉट के बाद कोरिया 20.9 पर रहा। भारत के पास अब भी 7.2 की बढ़त थी। इसके बाद सुरुचि ने 10.5 और कमलजीत ने 9.5 स्कोर किया। दोनों कोरियाई शूटर्स ने 10.5 स्कोर किया।
आखिरी मौके पर भारत ने मारी बाजी, एशियाई रिकॉर्ड के साथ गोल्ड जीता
अब हर शूटर को एक मौका मिलना था। और अंतिम शूट में भारत ने बाजी मार ली और 484.6 अंकों के साथ गोल्ड मेडल पर कब्जा जमा लिया। कोरिया को 478 अंकों के साथ सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। भारत ने नया एशियाई रिकॉर्ड भी बना दिया।
