स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स के अपने ओपनर मुकाबले में दन दनादन गोल दागे और उज्बेकिस्तान को करारी शिकस्त दी। भारत ने एकतरफा मुकाबले में उज्बेकिस्तान को 19-0 से रौंदा। दीपिका कुमारी ने सर्वाधिक 8 गोल दागे, जिसमें चार गोल लगातार रहे।
भारतीय महिला हॉकी टीम की बड़ी जीत। फोटो- हॉकी इंडिया
भारतीय महिला टीम ने पहले क्वार्टर से ही अपना दबदबा बना लिया था। पहले क्वार्टर में भारत ने चार गोल दागे। छठें मिनट में लालरेम्सियामी ने फील्ड गोल दागा। इसके दो मिनट बाद, 8वें मिनट में दीपिका कुमारी ने गोल करके भारत की बढ़त 2-0 कर दी। अभी चार मिनट और बीते ही थे कि इशिका ने 12वें मिनट में गोल दागा। 13वें मिनट में बलजीत कौर ने गोल करके बढ़त 4-0 कर दी।
पहले और दूसरे क्वार्टर में दागे 4-4 गोल
18वें मिनट में नेहा ने गोल किया। 4 मिनट बाद भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे दीपिका ने गंवाया नहीं और मैच में अपना दूसरा और भारत की तरफ से छठा गोल किया। 23वें मिनट में नवनीत कौर ने और 26वें मिनट में दीपिका ने पीसी से गोल किया। नेहा ने 29वें मिनट में गोल करके भारत की बढ़त 8-0 कर दी। दूसरे क्वार्टर में भी भारत ने चार गोल किए।
दीपिका ने दागे चार लगातार गोल
तीसरे क्वार्टर में दीपिका ने पीसी के जरिए चार लगातार (33वें मिनट, 37वें मिनट, 38वें मिनट और 41वें मिनट) गोल दागे। 42वें मिनट में इशिका ने और 43वें मिनट में लालरेम्सियामी ने फिर 44 वें मिनट में साक्षी ने गोल दागा। इसके बाद 45वें मिनट में नवनीत ने गोल किया। तीसरे क्वार्टर में भारत ने कुल 8 गोल दागे। मानो वो उज्बेकिस्तान को हॉकी खेलना सिखा रहे हों।
कल इंडोनेशिया से मुकाबला
आखिरी क्वार्टर में भारत ने तीन गोल दागे। 51वें मिनट में लालरेम्सियामी ने 54वें मिनट में इशिका और दीपिका ने गोल किए। भारत ने एकतरफा खेलते हुए एशियन गेम्स में दमदार आगाज किया। अब टीम का अगला मुकाबला इंडोनेशिया से होगा। यह मैच सोमवार को खेला जाएगा।
